एनएसटी न्यूज, भोपाल। ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति अखिल भारतीय ग्रीन पैराडाइस कप क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी और राजगढ़ जिला क्रिकेट संघ के बीच मुकाबला शनिवार को शुरू हुआ। टूर्नामेंट का आयोजन भोपाल संभाग क्रिकेट संघ और पब्लिक वाणी द्वारा किया जा रहा है। पहले दिन मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी के कप्तान अरबाज़उद्दीन ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। टीम की शुरुआत मजबूत रही। अदम्य पचौरी ने 82 रन की शानदार पारी खेली, जबकि देवांश यदुवंशी ने 75 रन जोड़कर स्कोर को मजबूती दी। कप्तान अरबाज़उद्दीन ने 69 रन बनाए और पीयूष सिंह 31 रन बनाकर नाबाद लौटे।

बल्लेबाजों के सामूहिक प्रदर्शन की बदौलत टीम ने निर्धारित 90 ओवर में 9 विकेट पर 327 रन बनाए। राजगढ़ जिला क्रिकेट संघ की ओर से अंकित दांगी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट झटके। मनोज यादव और योगेश यादव ने 2-2 विकेट लिए, जबकि साहिल जादौन और राजेश को एक-एक सफलता मिली। मैच अब दूसरे दिन रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। रविवार को राजगढ़ जिला क्रिकेट संघ की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरेगी और बड़े लक्ष्य का पीछा करने की कोशिश करेगी।
फोटो: अदम्य पचौरी और देवांश यदुवंशी


