नई दिल्ली : कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 65वां मुकाबला बुधवार, 20 मई को ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस सीजन अब तक 12 मैच खेले हैं, जिसमें उसे पांच मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि छह मैचों में हार का सामना करना पड़ा। टीम का एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। फिलहाल केकेआर के 11 अंक हैं और उसका नेट रनरेट -0.038 है।
कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल 2026 की अंक तालिका में आठवें नंबर पर है और प्लेऑफ की रेस में अब भी बनी हुई है। मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। मुंबई इंडियंस ने अब तक 12 मैच खेले इसमें उसके सिर्फ आठ अंक हैं। मुंबई इंडियंस ने अब तक 12 में से सिर्फ चार मैच में जीत हासिल की है। इसमें उसकी दो जीत पिछले तीन मुकाबलों में आईं हैं। मुंबई इंडियंस -0.504 के नेट रनरेट के साथ आईपीएल 2026 की अंक तालिका में नौवीं पायदान पर है।
कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड
आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच अब तक 36 मुकाबले हुए हैं। इनमें मुंबई इंडियंस का पलड़ा बहुत भारी है। मुंबई इंडियंस ने 36 में से 25 मैच अपने नाम किये हैं, जबकि कोलकाता नाइट राइजर्स 11 मैच ही जीतने में सफल हो पाई है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने पिछले पांच में से चार मैच में जीत हासिल की है, जबकि मुंबई इंडियंस ने पिछले पांच में से तीन मुकाबले अपने नाम किये हैं।
ईडन गार्डन्स की पिच पर बल्लेबाजों का रहता है दबदबा
ईडन गार्डन में कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच में शायद वही पिच (पिच नंबर 4) इस्तेमाल होगी जो इस सीजन की शुरुआत में कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम राजस्थान रॉयल्स (KKR vs RR) मैच में इस्तेमाल हुई थी। उस मैच में वरुण चक्रवर्ती ने सूखी पिच पर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ प्रदर्शन (14 रन देकर 3 विकेट) करते हुए मेजबान टीम को जीत की राह पर लौटाने में मदद की थी।
इस सीजन पिच नंबर 4 पर अब तक सिर्फ एक मैच ही खेला गया है। आईपीएल 2026 में कोलकाता में खेले गए 4 में से दो मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि दो जीत लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों के नाम रही हैं। यह पिच स्क्वायर के एक तरफ स्थित है। इसका मतलब है कि बाउंड्री आयामों में भी असमानता लाएगी। ईडन गार्डन में दोनों तरफ की बाउंड्री के बीच लगभग 12 मीटर का अंतर होगा।
कोलकाता के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम की बात करें तो, कोलकाता में इस समय बहुत ज्यादा गर्मी और उमस है। मैच शुरू होने के समय तापमान लगभग 32 डिग्री रहने की उम्मीद है। इसका मतलब है कि कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच में पसीने से लथपथ क्रिकेटर और स्टैंड्स में कुछ खाली सीटें देखने को मिल सकती हैं। बुधवार शाम को कोलकाता के आसमान पर बादल छाए रहने की भी उम्मीद जताई गई है।
कोलकाता नाइट राइडर्स की संभावित प्लेइंग इलेवन
कोलकाता नाइट राइडर्स में वरुण चक्रवर्ती को हल्के अभ्यास सत्र के दौरान लंगड़ाते हुए आते-जाते देखा गया। मथीशा पथिराना इस मैच से पहले हुए दोनों अभ्यास सत्रों में से किसी में भी नजर नहीं आए। मधीशा पथिराना KKR के लिए अपने पहले मैच में आठ गेंदें फेंकने के बाद ही चोटिल हो गए थे। अगर मथीशा पथिराना नहीं खेलते हैं तो KKR ब्लेसिंग मुजरबानी को मौका दे सकती है।
ब्लेसिंग मुजरबानी ने अपना अंतिम मैच दो अप्रैल को खेला था। वैभव अरोड़ा को भी टीम में जगह मिल सकती है। हालांकि, मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों के खिलाफ उनके आंकड़े उनके पक्ष में नहीं हैं। वैभव अरोड़ा ने अभ्यास सत्र में काफी मेहनत की है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ सुनील नरेन गेंदबाजी की शुरुआत कर सकते हैं, क्योंकि रोहित शर्मा के खिलाफ उनका रिकॉर्ड काफी अच्छा (10 बार आउट किया है) है।
कोलकाता नाइट राइडर्स की संभावित प्लेइंग XII
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजरबानी/वैभव अरोड़ा।
मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन
मुंबई इंडियंस की बात करें तो हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव दोनों ही कोलकाता में हैं। दोनों ने ईडन गार्डन में जोरदार अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। उम्मीद है कि दोनों ही मैच में वापसी करेंगे। क्विंटन डीकॉक और राज बावा आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। अगर कोलकाता की पिच इस सीज़न की शुरुआत में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हुए मैच की तरह ही सूखी हुई तो अल्लाह मोहम्मद गजनफर वापसी कर सकते हैं। अल्लाह मोहम्मद गजनफर धर्मशाला में नहीं खेल पाए थे। दुनिया के किसी भी बल्लेबाज के सामने जसप्रीत बुमराह का मुकाबला ज्यादातर दिनों में टीम के पक्ष में ही रहता है। कोलकाता नाइट राइडर्स के मिडिल-ओवर्स के मुख्य बल्लेबाज रिंकू सिंह के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए उनका रिकॉर्ड और अच्छा हो जाता है।
मुंबई इंडियंस की संभावित XII
रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, रघु शर्मा, अल्लाह मोहम्मद गजनफर।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स
मुकाबला: IPL 2026 का 65वां मैच, कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियंस
मैच की तारीख: 20 मई 2026 (बुधवार)
टॉस का समय: शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैच शुरू होने का समय: शाम 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैदान: ईडन गार्डन स्टेडियम, कोलकाता।
सीधा प्रसारण: कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच भारत में टीवी पर Star Sports (स्टार स्पोर्ट्स) नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर LIVE उपलब्ध होगा।
लाइव स्ट्रीमिंग: कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध होगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच से जुड़े रोचक आंकड़े
- कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस सीजन में सिर्फ नौ कैच छोड़े हैं, जो किसी भी टीम द्वारा छोड़े गए सबसे कम कैच हैं। उसकी कैचिंग दक्षता 86.9% है। यह इस सीजन किसी भी टीम की सबसे बेहतरीन दक्षता है।
- इस इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन में 100 से ज्यादा गेंदें खेलने वाले बल्लेबाजों में से तेज गेंदबाजों के खिलाफ सबसे बेहतरीन औसत अंगकृष रघुवंशी का है।
- कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के दोनों सलामी बल्लेबाज इस सीजन की 12 पारियों में से एक बार भी पावरप्ले खत्म होने तक टिक नहीं पाए हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस का फुल स्क्वॉड
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मनीष पांडे, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी, मथीशा पथिराना, वैभव अरोड़ा, रमनदीप सिंह, तेजस्वी दहिया, रोवमैन पॉवेल, नवदीप सैनी, टिम सीफर्ट, उमरान मलिक, राहुल त्रिपाठी, सार्थक रंजन, प्रशांत सोलंकी, दक्ष कामरा, ब्लेसिंग मुजरबानी।
मुंबई इंडियंस की टीम: रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), नमन धीर, तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, विल जैक, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, रघु शर्मा, ट्रेंट बोल्ट, मयंक रावत, रॉबिन मिंज, कृष भगत, सूर्यकुमार यादव, अल्लाह मोहम्मद गजनफर, हार्दिक पंड्या (कप्तान), केशव महाराज, अश्विनी कुमार, मयंक मारकंडे, दानिश मालेवार, मोहम्मद सलाहुद्दीन इजहार।


