113 रन पर सिमटी इंडिया ए ने की जोरदार वापसी, जीत से 1 विकेट दूर रह गई टीम

0

नई दिल्ली : इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच 3 मैचों की अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। मंगलवार (27 अक्टूबर) को खराब रोशनी के कारण आखिरी दिन 18 ओवर का खेल नहीं हो सका, जिससे इंडिया ए जीत से महज 1 विकेट दूर रह गई। पहली पारी में 113 रन पर आउट होने के बाद इंडिया ए दो दिनों तक मुकाबले में पिछड़ती नजर आई। न्यूजीलैंड ए ने पहली पारी में 317 रन बनाकर 204 रन की बढ़त हासिल की थी। उस समय लग रहा था कि इंडिया ए के लिए मैच बचाना भी मुश्किल होगा, लेकिन देवदत्त पडिक्कल, यश राठौड़ और आकिब नबी के शानदार प्रदर्शन ने मुकाबले का रुख बदल दिया।

इंडिया ए ने दूसरी पारी में दमदार वापसी करते हुए न्यूजीलैंड ए को कड़ी चुनौती दी और जीत के बेहद करीब पहुंच गई, लेकिन खराब रोशनी ने उसकी जीत की उम्मीदों पर विराम लगा दिया। देवदत्त पडिक्कल ने दूसरी पारी में 199 रनों की पारी खेली। पहली पारी में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 32 रन बनाए थे। पडिक्कल के अलावा यश राठौड़ ने दोनों पारियों में अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने पहली पारी में 44 रन बनाए थे और इंडिया ए को 100 रन से पहले आउट होने से बचा लिया। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने 66 रन बनाए।

सुदर्शन-सुंदर के योगदान से टीम को मिली मजबूती

दूसरी पारी में साई सुदर्शन ने 91 और वाशिंगटन सुंदर ने 52 रन बनाकर अहम योगदान दिया। इंडिया ए के पुछल्ले बल्लेबाजों का भी योगदान अहम रहा। आकिब नबी 38, आकाशदीप नाबाद 25 और अंशुल कम्बोज 23 रनों की मदद से इंडिया ए दूसरी पारी में 516 रनों तक पहुंचने में सफल रहा। उसने न्यूजीलैंड ए को 313 रनों का लक्ष्य दिया।

आकिब नबी की घातक गेंदबाजी, दोनों पारियों में झटके 3-3 विकेट

न्यूजीलैंड ए की दूसरी पारी में आकिब नबी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए शुरुआत में ही 3 विकेट झटक लिए। पहली पारी में भी उन्होंने 3 विकेट लिए। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 2 विकेट लिए। अंशुल कम्बोज, आकाशदीप, मुकेश चौधरी और वाशिंगटन सुंदर ने 1-1 विकेट लिए। न्यूजीलैंड ए की ओर से ओपनर कर्टिस हीफी अंत तक क्रीज पर अड़े रहे। वह 90 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ही थोड़ा बहुत संघर्ष दिखा सके। उन्होंने 42 रन बनाए। न्यूजीलैंड ए ने दूसरी पारी में 65 ओवर में 9 विकेट पर 187 रन बनाए। उसे 126 रन और चाहिए थे।

पडिक्कल का बल्ला गरजा, 199 रन की पारी से बनाया खास मुकाम

देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 128 गेंदों में एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया। इस पारी के दौरान उन्होंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में इंडिया ए की ओर से 1000 रन बनाने का आंकड़ा भी पार कर लिया। इंडिया ए के लिए सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पडिक्कल ने भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, रोहन गावस्कर, केएल भरत और ध्रुव जुरेल को पीछे छोड़ दिया। उनकी इस दमदार पारी ने न केवल इंडिया ए को मुकाबले में वापसी करने का मौका दिया, बल्कि टीम के लिए उनके योगदान को भी खास बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here