नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता के रूप में अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के दौरान उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया था। अब आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद खबरें सामने आ रही हैं कि अगरकर 2027 तक मुख्य चयनकर्ता के पद पर बने रहना चाहते हैं, ऐसे में एक बार फिर उनके कार्यकाल विस्तार को लेकर बीसीसीआई के फैसले पर नजरें टिकी हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत के टी20 वर्ल्ड कप जीतने के हफ्तेभर बाद बीसीसीआई से अगरकर ने 2027 तक कार्यकाल बढ़ाने का निवेदन किया है। इस मुद्दे पर बातचीत हो चुकी है और यह देखना बाकी है कि क्या बेहतर विकल्प के अभाव में बीसीसीआई अगरकर का निवेदन मानता है या नहीं।
पश्चिम क्षेत्र के पूर्व भारतीय क्रिकेटर से बात आगे नहीं बढ़ सकी
2027 तक की बात करें तो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और वनडे वर्ल्ड कप पर भारतीय टीम की निगाहें होंगी। बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मन्हास, सचिव देवजीत सैकिया और अगरकर की ओर से मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। बीसीसीआई के गलियारों में चर्चा है कि पश्चिम क्षेत्र से भारत का पूर्व क्रिकेटर अगरकर की जगह लेने की रेस में आगे था, लेकिन मामले आगे नहीं बढ़ पाया है।
जून 2023 से मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं अगरकर
अजीत अगरकर ने अपना कार्यकाल बढ़ाने का अनुरोध ऐसे समय किया है जब भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी टूर्नामेंट्स में शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे अब फैसला पूरी तरह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के हाथ में है। जून 2023 से मुख्य चयनकर्ता के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे अगरकर के कार्यकाल में भारत ने तीन बड़े खिताब जीते, जबकि 2023 में वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल भी खेला। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन चिंता का विषय रहा है, जहां पिछले दो साल में भारत को दो सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। इसी दौरान विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की विदाई भी हुई, जिससे टीम एक नए दौर में प्रवेश कर रही है।


