डबलिन. आयरलैंड क्रिकेट टीम के T20I कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने 2026 में निराशाजनक T20 विश्व कप अभियान के बाद कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। इसके बाद जून में आयरलैंड भारत के ख़िलाफ़ नई कप्तानी में एक छोटी T20I सीरीज़ खेलेगा। स्टर्लिंग 2023 में आयरलैंड के नियमित T20I कप्तान बने थे और उन्होंने 48 T20I में टीम का नेतृत्व किया। उनकी अगुवाई में टीम दो बार T20 विश्व कप में ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई। हालिया विश्व कप में स्टर्लिंग दूसरे ही मैच में घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। आयरलैंड ने स्टर्लिंग के उत्तराधिकारी की घोषणा अभी नहीं की है। हालांकि विकल्पों में लोरकन टकर और हैरी टक्टर शामिल हैं। स्टर्लिंग की अनुपस्थिति में हाल ही के T20 विश्व कप के अंतिम दो मैचों में टकर को कप्तान बनाया गया था। वहीं, स्टर्लिंग आयरलैंड के वनडे कप्तान बने रहेंगे क्योंकि टीम का अगला लक्ष्य अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में प्रवेश करना है।


