नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अब तक शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 12 मैचों की 12 पारियों में 486 रन बना लिए हैं। पूरे सीजन उनके आक्रामक खेल की जमकर चर्चा रही है। लीग चरण अभी समाप्त भी नहीं हुआ है, लेकिन इसके बावजूद वह अपने नाम पांच बड़े रिकॉर्ड दर्ज करा चुके हैं। मौजूदा समय में 63 मैचों के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी वही हैं। इसके अलावा वह एक सीजन में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन चुके हैं। अब उनकी नजर क्रिस गेल के उस ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर है, जो साल 2012 से अब तक कायम है।
क्रिस गेल के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बात करने से पहले उन पांच बड़े कारनामों पर नजर डालना जरूरी है, जिन्हें वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने नाम किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ते हुए एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड हासिल कर लिया है। इसके अलावा अपने विस्फोटक अंदाज और दमदार स्ट्राइक रेट के दम पर भी उन्होंने कई उपलब्धियां दर्ज की हैं। आधुनिक क्रिकेट के नए ‘सिक्सर किंग’ बनने की ओर बढ़ रहे वैभव ने इसी सीजन टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के पूरे करने का कारनामा भी किया।
IPL 2026 में ये 5 रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी ने किए अपने नाम
- मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल 2026 के पहले 12 मैचों में ही सूर्यवंशी 43 छक्के लगा चुके हैं। इस सीजन यह किसी भी बल्लेबाज के सबसे ज्यादा छक्के हैं और ओवरऑल किसी भारतीय द्वारा एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है।
- मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के पॉवरप्ले में अभी तक 33 छक्के लगा दिए हैं। किसी भी खिलाड़ी द्वारा यह एक सीजन में सबसे ज्यादा पॉवरप्ले छक्कों का रिकॉर्ड है।
- मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक तकरीबन 235 के स्ट्राइक रेट से इस सीजन रन बनाए हैं। कम से कम 200 रन एक सीजन में बनाने वाले बल्लेबाजों में यह सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड है।
- मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी की धूम इस सीजन पॉवरप्ले में नजर आई है और उन्होंने इस सीजन 1-6 ओवर के बीच 243 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। कम से 50 बॉल खेलने वाले खिलाड़ियों में यह सबसे ज्यादा पॉवरप्ले स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड है।
- मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में तीन बार पहली गेंद पर छक्का लगाया है। वह एक सीजन में तीन बार पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। साथ ही पांच बार उन्होंने इस सीजन अपना खाता छक्के से खोला है।
क्रिस गेल के ऐतिहासिक महारिकॉर्ड पर वैभव सूर्यवंशी की नजर
वैभव सूर्यवंशी के नाम इस सीजन अब तक 43 छक्के दर्ज हो चुके हैं, जबकि आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा 59 छक्कों का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। गेल ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि 2012 में हासिल की थी और तब से यह रिकॉर्ड अब तक कायम है। वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक 12 मुकाबले खेले हैं और उनके दो लीग मैच बाकी हैं। इसके अलावा अगर राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ में जगह बनाती है, तो उन्हें दो से तीन अतिरिक्त मैच और खेलने का मौका मिल सकता है। ऐसे में उनके पास 14 साल पुराने क्रिस गेल के इस महारिकॉर्ड को तोड़ने का सुनहरा अवसर मौजूद है।


