एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में ऐश्वर्य प्रताप सिंह का स्वर्णिम धमाका, नए वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। नई दिल्ली में आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप (राइफल एवं पिस्टल स्पर्धा) में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज़ ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने विश्वस्तरीय प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। ऐश्वर्य ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण जीतकर उन्होंने दोहरा गोल्ड हासिल किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 2 से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें एशिया के शीर्ष निशानेबाज़ों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 6 पदक अर्जित किए, जिनमें 3 स्वर्ण और 3 रजत शामिल हैं।
10 मीटर एयर राइफल जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में यश पांडेय ने स्वर्ण पदक जीता। 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन सीनियर महिला टीम स्पर्धा में आशी चौकसे ने रजत पदक हासिल किया। वहीं 50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में हेमंत बर्मन ने रजत पदक जीतकर अकादमी का मान बढ़ाया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अनुशासन, मेहनत और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के खिलाड़ी आगे भी देश का नाम रोशन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here