एनएसटी न्यूज, भोपाल। आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी (महिला वर्ग) चैंपियनशिप 2025–26 में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल की महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने दूसरे लीग मुकाबले में भरथियार यूनिवर्सिटी, कोयम्बटूर (तमिलनाडु) को 3–2 से पराजित किया। कड़े और रोमांचक मुकाबले में आरएनटीयू की ओर से करमनप्रीत कौर, साक्षी जैन और दीक्षा भार्गव ने एक-एक अहम गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। मैच के दौरान आरएनटीयू की टीम ने अनुशासित डिफेंस, तेज पासिंग और आक्रामक रणनीति का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे विरोधी टीम पर लगातार दबाव बना रहा।

इस जीत के साथ आरएनटीयू ने लीग चरण में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। टीम का अगला लीग मुकाबला 30 जनवरी 2026 को दोपहर 1 बजे रांची यूनिवर्सिटी, रांची (झारखंड) के खिलाफ खेला जाएगा। टीम कोच आकांक्षा परमार और मैनेजर सतीश अहिरवार के मार्गदर्शन में आरएनटीयू की महिला हॉकी टीम खिताब की प्रबल दावेदार के रूप में उभर रही है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप 28 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक केआईआईटी यूनिवर्सिटी, भुवनेश्वर (उड़ीसा) में आयोजित की जा रही है।

टीम के इस शानदार प्रदर्शन पर विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर डॉ. अदिती चतुर्वेदी वत्स, कुलपति डॉ. रवि प्रकाश दुबे, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. नितिन वत्स, प्रति-कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता, कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी, सीएफएओ डॉ. विनीत शुक्ला और रायसेन के जिला खेल अधिकारी जलज चतुर्वेदी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। आरएनटीयू की महिला टीम में कप्तान योगिता वर्मा के नेतृत्व में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन देखने को मिल रहा है, जो आगामी मुकाबलों में भी जीत की लय बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है।


