एनएसटी न्यूज, भोपाल। खेलो मध्य प्रदेश यूथ गेम्स 2026 के अंतर्गत कयाकिंग और कैनोइंग प्रतियोगिताओं का आयोजन राजधानी भोपाल की ऐतिहासिक लोअर लेक में किया जा रहा है। 28 से 30 जनवरी तक चलने वाली इन स्पर्धाओं में प्रदेश भर के युवा खिलाड़ियों ने उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे के साथ हिस्सा लिया। विभिन्न फाइनल मुकाबलों में भोपाल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस मौके पर जिला खेल अधिकारी खंडवा विकास खराड़कर और बलवीर सिंह कुश्वाहा मौजूद रहे।

C1 बॉयज 1000 मीटर फाइनल में भोपाल के प्रिंस गोस्वामी ने 4:21.713 मिनट का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता। भिंड के नितेश ने रजत और टीकमगढ़ के अभय तलियान ने कांस्य पदक हासिल किया। K1 बॉयज 1000 मीटर फाइनल में भोपाल के के. संतोष सिंह ने 3:56.904 मिनट में रेस पूरी कर गोल्ड मेडल जीता, जबकि उज्जैन के कोंजेंगबाम सिंह वांगथोई को सिल्वर और टीकमगढ़ के प्रिंस भाटी को ब्रॉन्ज मिला।
महिला वर्ग में K1 गर्ल्स 500 मीटर फाइनल में भोपाल की रुखमणी डांगी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। हरदा की वैदेही अशोक खोट ने रजत और टीकमगढ़ की दीपा अहिरवार ने कांस्य पदक अपने नाम किया। K2 गर्ल्स 500 मीटर फाइनल में टीकमगढ़ की भाग्यश्री साहू और पायल वर्मा की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरदा की नेहा अभि और लीमा देवी को रजत तथा खंडवा की पायल चौधरी और जुबिया कुरैशी को कांस्य पदक मिला।
C2 बॉयज 500 मीटर फाइनल में भोपाल के सुधीर कुमार और प्रिंस गोस्वामी की जोड़ी ने गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं K2 बॉयज 500 मीटर फाइनल में भोपाल के अभिषेक आर्य और फैरेंबाम याइफबा सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर मेजबान जिले का गौरव बढ़ाया।


