नई दिल्ली : हार्दिक पांड्या एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस समय वह किसी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में नहीं खेल रहे हैं, लेकिन आईपीएल 2027 से पहले उनके भविष्य को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार और सोशल मीडिया पर ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस का साथ छोड़कर चेन्नई सुपर किंग्स का रुख कर सकते हैं। हालांकि, इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न तो मुंबई इंडियंस और न ही चेन्नई सुपर किंग्स ने इस संबंध में कोई बयान जारी किया है। फिलहाल हार्दिक के ट्रेड या टीम बदलने की सभी बातें केवल अटकलों और चर्चाओं तक सीमित हैं। IPL 2027 से पहले ट्रेड विंडो के दौरान ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
संजू सैमसन के ट्रेड ने बदली थी IPL की तस्वीर, अब हार्दिक की बारी?
आईपीएल 2026 के सीजन में मुंबई इंडियंस का हाल काफी खराब रहा था। टीम लगातार खराब प्रदर्शन के बाद पहले ही राउंड से बाहर हो गई थी। इसके बाद खबरें इस तरह की आईं कि मुंबई इंडियंस की टीम के भीतर सब कुछ ठीकठाक नहीं है। हालांकि पुष्टि इसकी भी नहीं हो सकी। अब चर्चा है कि हार्दिक पांड्या सीएसके जा सकते हैं। इससे पहले सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को लेकर अचानक हलचल मचा दी थी। अगर हार्दिक पांड्या सीएसके जाते हैं तो टीम एक और मजबूत खिलाड़ी मिल जाएगा, जो गेंद और बल्ले से कमाल कर सकता है।
हार्दिक पांड्या के ट्रेड पर दो बड़े विकल्पों पर मंथन
इस बीच हार्दिक पांड्या को ट्रेड करने को लेकर दो विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि हार्दिक पांड्या सीएसके आ सकते हैं और उनकी जगह शिवम दुबे और आयुष म्हात्रे मुंबई इंडियंस में जा सकते हैं। दूसरा विकल्प है कि हार्दिक की जगह मुंबई इंडियंस के सीएसके शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस दे सकती है। हालांकि सीएसके से जिन प्लेयर्स के जाने की बात हो रही है, वे सभी काफी अच्छे और मजबूत खिलाड़ी हैं, इसमें कोई दोराय नहीं है।
सीएसके में बदलती तस्वीर, क्या खत्म होने वाला है धोनी का अध्याय?
चेन्नई सुपर किंग्स में बदलाव के संकेत लगातार दिखाई दे रहे हैं। पिछले सीजन एमएस धोनी टीम के साथ तो रहे, लेकिन उन्होंने एक भी मैच नहीं खेला। उनकी गैरमौजूदगी का असर टीम के प्रदर्शन पर भी पड़ा और सीएसके उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। ऐसे में पहले संजू सैमसन और अब हार्दिक पांड्या को लेकर सामने आ रही चर्चाओं को टीम के भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, इन अटकलों पर तब तक कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता, जब तक दोनों फ्रेंचाइजी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया जाता। इस बीच टीम के लंबे समय तक मुख्य कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग के अलग होने से भी साफ है कि चेन्नई सुपर किंग्स बदलाव के दौर से गुजर रही है। ऐसे में आने वाले समय में टीम के नेतृत्व और संयोजन को लेकर बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।


