एमपीएल टी20: अनिकेत वर्मा के ताबड़तोड़ 60 रन की बदौलत भोपाल लेपर्ड्स ने मालवा स्टैलियंस को रौंदा

0

इंदौर,(NST NEWS)। आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 के एक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में भोपाल लेपर्ड्स ने मालवा स्टैलियंस के खिलाफ 195 रन का लक्ष्य एक ओवर शेष रहते हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। होलकर स्टेडियम, इंदौर में मिली इस जीत के साथ भोपाल लेपर्ड्स ने जीत की राह पर वापसी की। बारिश के कारण थोड़ी देर बाधित हुए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मालवा स्टैलियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 194 रन बनाए। स्टैलियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सक्षम पुरोहित केवल 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अंश यादव और अखिल निगोटे यादव ने दूसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़कर पारी को संभाला। अंश यादव 11 गेंदों पर 13 रन बनाकर लौटे, लेकिन अखिल ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कप्तान आशुतोष शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी की। आशुतोष ने 18 गेंदों पर 32 रन की तेजतर्रार पारी खेली। अखिल निगोटे यादव ने 36 गेंदों पर 63 रन की बेहतरीन पारी खेली। इसके बाद पार्थ साहनी ने 24 गेंदों में 41 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ऋषभ चौहान ने 16 गेंदों पर 19 रन और सचिन विश्वकर्मा ने 8 गेंदों पर 12 रन का योगदान दिया।

भोपाल लेपर्ड्स की ओर से अनुराग मालवीय सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि प्रांजुल पुरी ने 33 रन देकर दो विकेट हासिल किए। 195 रनों का पीछा करने उतरी भोपाल लेपर्ड्स की शुरुआत शानदार रही। राहुल चंद्रोल और तनिष्क यादव ने पहले विकेट के लिए केवल 3.2 ओवर में 33 रन जोड़ दिए। राहुल चंद्रोल 14 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तनिष्क यादव और कप्तान अनिकेत वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच पर पकड़ मजबूत कर ली। अनिकेत ने विशेष रूप से पार्थ साहनी के एक ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मालवा स्टैलियंस को पहली सफलता तब मिली जब आशुतोष शर्मा ने तनिष्क यादव को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया। तनिष्क ने 23 गेंदों पर 37 रन बनाए। हालांकि उस समय तक भोपाल लेपर्ड्स 10 ओवर में 108/2 के स्कोर पर पहुंच चुकी थी और मुकाबले पर पूरी तरह हावी थी।

अनिकेत वर्मा ने इसके बाद अपना शानदार अर्धशतक पूरा किया। अनिकेत 29 गेंदों पर 60 रन बनाकर आउट हुए। उनकी विस्फोटक पारी में पांच चौके और पांच छक्के शामिल रहे। इसके बावजूद अंश बगाड़िया और हिमांशु शिंदे ने पांचवें विकेट के लिए 62 रन जोड़कर जीत सुनिश्चित कर दी। बगाड़िया ने 20 गेंदों पर 29 रन बनाए, जबकि हिमांशु शिंदे 18 गेंदों पर 32 रन बनाकर नाबाद लौटे। भोपाल लेपर्ड्स को जीत के लिए जब केवल एक रन की आवश्यकता थी, तब कमल त्रिपाठी ने विजयी रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। जीत के बाद कप्तान अनिकेत वर्मा ने कहा कि, “मेरा दिमाग में बस यही था कि कुछ समय विकेट पर बिताकर खुद को सेट किया जाए और फिर एक-एक गेंद के हिसाब से पारी को आगे बढ़ाया जाए। हमारी कोशिश थी कि हर ओवर में कम से कम एक बाउंड्री जरूर मिले ताकि आवश्यक रन गति कभी दबाव न बनाए। मैं अपनी स्ट्राइक रेट के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा था, लेकिन अब पीछे मुड़कर देखता हूं तो लगता है कि मुझे मैच को और गहराई तक लेकर जाना चाहिए था और खुद फिनिश करना चाहिए था। आने वाले मुकाबलों में मैं इस पहलू पर काम करूंगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here