NST NEWS, भोपाल। मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 9 जिलों के जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारियों (डीएसओ) समेत दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। विभाग द्वारा जारी तीन अलग-अलग आदेशों में प्रशासनिक और स्वैच्छिक आधार पर अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं की गई हैं। हालांकि, इस फेरबदल के बाद भी राजधानी भोपाल को स्थायी डीएसओ नहीं मिल सका है। पिछले एक वर्ष से भोपाल जिला बिना डीएसओ के ही संचालित हो रहा है। तबादलों की सबसे चर्चित बात यह रही कि विभाग की वरिष्ठ अधिकारियों को संचालनालय (टीटी नगर स्टेडियम) में पदस्थ करने के बजाय मैदानी जिलों में भेजा गया है।
22 साल बाद संभागीय मुख्यालय पहुंचीं शर्मिला डाबर
राजगढ़ में पदस्थ संभागीय खेल अधिकारी शर्मिला डाबर को सागर स्थानांतरित किया गया है। वर्ष 2003 में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर (आरएसओ) के रूप में नियुक्त हुईं डाबर ने मंडला, शाजापुर और राजगढ़ में सेवाएं दी हैं। करीब 22 वर्ष की सेवा के बाद पहली बार उन्हें संभागीय मुख्यालय में पदस्थापना मिली है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठता के आधार पर उनकी पदस्थापना संचालनालय भोपाल में होनी चाहिए थी, लेकिन उन्हें सागर भेज दिया गया। आदिवासी वर्ग से आने वाली शर्मिला डाबर संयुक्त संचालक पद की प्रमुख दावेदार मानी जा रही हैं।
इन अधिकारियों के हुए तबादले
विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार उज्जैन के डीएसओ ओपी हरोड़ का तबादला मंदसौर किया गया है, जबकि मंदसौर के विजेंद्र देवड़ा को उज्जैन भेजा गया है। ग्वालियर में लंबे समय से पदस्थ जोसफ बक्सला को दतिया तथा दतिया के डीएसओ अरविंद सिंह राणा को ग्वालियर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विकास खराडकर को मंडला से नर्मदापुरम तथा उमा पटेल को नर्मदापुरम से राजगढ़ स्थानांतरित किया गया है। रायसेन के डीएसओ जलज चतुर्वेदी को संचालनालय भोपाल पदस्थ किया गया है। लंबे समय से वे संचालनालय का अतिरिक्त कार्य भी देख रहे थे, अब उन्हें रायसेन से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है। वहीं सागर के डीएसओ प्रदीप अबिद्रा को टीकमगढ़ भेजा गया है।
कई जिले अब भी बिना डीएसओ
प्रदेश के 55 जिलों में अभी भी कई जिलों में नियमित डीएसओ पदस्थ नहीं हैं। ऐसे जिलों में विभाग ने अतिरिक्त प्रभार के रूप में वरिष्ठ अधिकारियों अथवा पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप रखी है। विभाग ने डीएसओ स्तर के तबादलों के साथ ही दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों के भी स्थानांतरण किए हैं।


