अंकुर अकादमी ने शिवाजी क्लब को नौ विकेट से हराया

0

भोपाल। शांतनु करोसिया (31 गेंदों में नाबाद 104 रन) की शानदार बल्लेबाजी और वेदांत जाचक (21/3) की सटीक गेंदबाजी की मदद से अंकुर अकादमी ने शिवाजी क्लब को नौ विकेट से हराकर विधायक ट्राॅफी अंडर-15 इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में एकतरफा जीत दर्ज की है। अंकुर मैदान पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता में मंगलवार को शिवाजी क्लब ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए। इसमें अंश पुरोहित ने 53 और भरत ने 47 रनों की पारी खेली। अंकुर की ओर से वेदांत जाचक ने 10 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए। जबकि अभिषेक यादव ने 10 ओवर में 40 रन पर तीन बल्लेबाजों को आउट किया। जवाब में अंकुर अकादमी ने जरूरी रन 17 ओवर में एक विकेट पर बना लिए। इसमें शांतनु करोसिया ने मात्र 31 गेंदों में नाबाद 104 रन बनाए। जबकि अविरल सिंह ने 50 गेंदों में 40 रनों का योगदान दिया। शांतनु मैन आॅफ द मैच रहे। उन्हें क्रिकेट कोच जितेंद्र प्रताप सिंह और तारिक अली ने पुरस्कृत किया। इस दौरान आयोजन प्रमुख सुधीर जाचक और मनीष सिंह बैस साथ थे।