अंकुश सिंह के शतक से चंबल घड़ियाल्स की शानदार जीत, जबलपुर रॉयल लायंस को 5 विकेट से हराया

0

NST NEWS, इंदौर। मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 में चंबल घड़ियाल्स ने दमदार बल्लेबाजी के दम पर जबलपुर रॉयल लायंस को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 205 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चंबल ने 19.2 ओवर में 208 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के हीरो सलामी बल्लेबाज अंकुश सिंह रहे, जिन्होंने नाबाद 107 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 57 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके और 4 छक्के लगाए। उनके अलावा हर्ष दीक्षित ने 27, रोहित कुमार गुप्ता ने 18, त्रिपुरेश सिंह ने 16 और अमन भदौरिया ने 16 रन का योगदान दिया।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जबलपुर रॉयल लायंस ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 204 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज अजय रोहेरा ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 63 गेंदों पर नाबाद 132 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। कप्तान राहुल बाथम ने 22, मिहिर हिरवानी ने 19 और अक्षत द्विवेदी ने 13 रन बनाए।

चंबल की ओर से अमन भदौरिया और संदीप सिंह ने तीन-तीन विकेट हासिल कर जबलपुर को बड़े स्कोर के बावजूद और आगे बढ़ने से रोका। जवाब में चंबल के बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत की और नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के बावजूद अंकुश सिंह अंत तक डटे रहे। उन्होंने शानदार शतक लगाकर टीम को चार गेंद शेष रहते यादगार जीत दिला दी। अजय रोहेरा की 132 रन की शानदार पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी, जबकि अंकुश सिंह के नाबाद शतक ने चंबल घड़ियाल्स की जीत की नींव रखी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here