NST NEWS, इंदौर। मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर बुंदेलखंड बुल्स को 4 विकेट से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। 167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल निमाड़ ने 19.3 ओवर में 169 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल निमाड़ की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 38 रन तक तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद शिवांश चतुर्वेदी ने 16 गेंदों में 30 रन की तेज पारी खेलकर पारी को संभाला। कप्तान सारांश जैन अंत तक नाबाद रहे और 29 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल रहे। अभिषेख मावी ने 25 गेंदों में 38 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी ने टीम को जीत की राह पर ला खड़ा किया। रॉयल निमाड़ ने तीन गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
इससे पहले बुंदेलखंड बुल्स ने 19.4 ओवर में 166 रन बनाए। कप्तान अभिषेक पाठक ने 13 गेंदों में 31 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए टीम को तेज शुरुआत दिलाई। शिवांग कुमार ने 18 गेंदों में 31 रन, पार्थ गोस्वामी ने 25 और विक्रांत भदौरिया ने 22 रन का योगदान दिया। अंत में अनंत दुबे ने 13 गेंदों पर 21 रन बनाकर स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया।
रॉयल निमाड़ की ओर से कप्तान सारांश जैन और परुष मंडल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार-चार विकेट झटके। देवेंद्र सिंह कठैत ने दो विकेट हासिल किए। बुंदेलखंड की ओर से कुलदीप सेन और भूमेश मुजाल्दा ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन उनकी कोशिश टीम को हार से नहीं बचा सकी।


