नई दिल्ली : एशिया कप 2026 में भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने मंगलवार, 8 सितंबर को दक्षिण कोरिया के डिफेंस को ध्वस्त करते हुए 7-3 से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच गई है। कप्तान अनमोल एक्का ने एक बार फिर प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे और टीम की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई।
मैच का ज्यादातर समय बराबरी का रहा, जिसमें दक्षिण कोरिया ने भारत के हर गोल का जवाब दिया, लेकिन मौजूदा चैंपियन ने आखिरी क्वार्टर में तीन गोल करके मैच का रुख अपनी तरफ मोड़ लिया। इस जीत के साथ भारत के तीन मैचों में सात अंक हो गए हैं। इसमें दो जीत और एक ड्रॉ शामिल हैं। भारत बुधवार नौ सितंबर को अपने आखिरी पूल मैच में चीनी ताइपे का सामना करेगा। भारतीय टीम यदि चीनी ताइपे के खिलाफ जीतती है तो सेमीफाइनल में उसकी जगह पक्की हो जाएगी।
अनमोल एक्का ने फिर भारत के लिए सबसे ज्यादा गोल किये। टूर्नामेंट में अनमोल एक्का के अब आठ गोल हो गए हैं। शुरुआती तीन क्वार्टर में मुकाबला बराबरी का रहा। भारत ने पांचवें मिनट में बढ़त बनाई जब अनमोल एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। हालांकि, दक्षिण कोरिया ने तुरंत जवाब दिया और अगले ही मिनट में दोह्योन चोई ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरा क्वार्टर भी कुछ ऐसा ही रहा। लवलीनूर सिंह ने 18वें मिनट में फील्ड गोल करके भारत को फिर से आगे कर दिया।
दक्षिण कोरिया ने फिर जवाब दिया। ह्योगुक यू ने अगले 60 सेकंड के भीतर पेनल्टी कॉर्नर से गोल करके स्कोर 2-2 कर दिया। हालांकि, अजीत यादव ने 20वें मिनट में गोल करके भारत की एक गोल की बढ़त बहाल की और ब्रेक के समय भारत को 3-2 से आगे कर दिया।
दक्षिण कोरिया ने भी हार नहीं मानी और ब्रेक के बाद भी भारतीय डिफेंस को चुनौती देना जारी रखा। ह्योगुक यू फिर उनके हमले का मुख्य केंद्र रहे। ह्योगुक यू ने तीसरे क्वार्टर के छठे मिनट में मैच का अपना दूसरा गोल किया, जिससे कोरियाई टीम तीसरी बार 3-3 से बराबरी पर आ गई।
प्रभदीप सिंह ने तीसरे क्वार्टर के अंत में अहम गोल किया और 42वें मिनट में भारत को 4-3 से बढ़त दिलाई। इससे भारतीय टीम को आखिरी 15 मिनट के लिए जरूरी मोमेंटम मिला। आखिरी क्वार्टर में भारत ने तगड़ा जवाब दिया और सिर्फ तीन मिनट के अंदर तीन शानदार गोल करके बढ़त बनाई। गुरसेवक सिंह ने 55वें मिनट में भारत की बढ़त बढ़ाई। उसके एक मिनट बाद अनमोल एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 6-3 किया। इसके बाद 58वें मिनट में आर्यन जेस ने निर्णायक गोल किया। भारत के लगातार दबाव के कारण सातवां गोल हुआ और टीम ने 7-3 से जीत हासिल की।
इस हार के बाद दक्षिण कोरिया के खाते में छह अंक हैं। पूल ए में उसका आखिरी मुकाबला जापान के खिलाफ होगा, जिससे सेमीफाइनल की दौड़ में मुकाबला और रोमांचक होने की उम्मीद है। जापान मंगलवार को बाद में इंडोनेशिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगा। फिलहाल चार अंकों के साथ जापान भी सेमीफाइनल की दौड़ में बना हुआ है और इंडोनेशिया के खिलाफ जीत उसे अगले दौर की दावेदारी में और मजबूत कर सकती है।


