एशियन गेम्स में देश की साख की जिम्मेदारी, खिलाड़ियों को सट्टेबाजी और डोपिंग से दूर रहने की शपथ

0

नई दिल्ली : जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ी इस बार नैतिक जिम्मेदारियों के साथ मैदान पर उतरेंगे। सभी खिलाड़ियों को फिटनेस और डोपिंग नियमों की जानकारी होने, देश की छवि को नुकसान नहीं पहुंचाने तथा मैच फिक्सिंग और सट्टेबाजी जैसी गतिविधियों से दूर रहने का शपथ पत्र देना होगा। खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन बनाए रखने के साथ देश का प्रतिनिधित्व पूरी जिम्मेदारी से करने का संकल्प भी लिया जाएगा।

साई ने खेल संघों को खिलाडि़यों और प्रशिक्षकों से शपथ पत्र भरवाने व नेशनल स्पोर्ट्स रिपोजिटरी सिस्टम पर रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया है। इसमें खिलाड़ी को अपनी व अपने शुरुआती से एलीट लेवल तक के कोच की जानकारी भी देनी होगी। शपथ पत्र में खिलाडि़यों को मेडिकल फिटनेस पत्र भी लगाना होगा। साई ने निर्देश दिया है कि अनफिट खिलाड़ी एशियाई खेलों में भाग नहीं लेगा।

हर बार खिलाड़ियों को मौखिक रूप से अनुशासन बनाए रखने और तिरंगे का मान बढ़ाने की सलाह दी जाती है, लेकिन इस बार उनसे लिखित शपथ पत्र मांगा गया है। इसमें खेल भावना का पालन करने, मैच फिक्सिंग, सट्टेबाजी और उम्र से जुड़ी धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों से दूर रहने तथा अनुशासन में रहने का संकल्प शामिल है। खिलाड़ियों को देश, भारतीय ओलंपिक संघ और संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघ की छवि खराब न करने की भी शपथ लेनी होगी। खास बात यह है कि शपथ पत्र पर खिलाड़ी के साथ संबंधित खेल संघ के पदाधिकारी के हस्ताक्षर और मुहर भी अनिवार्य होगी।

कोच संबंधी शपथ पत्र पहले भी लिया जाता रहा है। इसका उद्देश्य पदक विजेता खिलाड़ियों के कोच को मिलने वाले कैश अवॉर्ड को लेकर होने वाले विवादों से बचना है। दरअसल, कई खिलाड़ी कैश अवॉर्ड के लिए अपने वास्तविक कोच के बजाय पिता या किसी रिश्तेदार का नाम प्रस्तावित कर देते थे। इस बार खिलाड़ियों की मेडिकल फिटनेस को लेकर भी नियम सख्त किए गए हैं। सभी खिलाड़ियों के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र अनिवार्य किया गया है और उनके दांतों की जांच भी जरूरी होगी। संबंधित खेल संघ को मान्यता प्राप्त डॉक्टर से फिटनेस प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना होगा। वहीं, जो खिलाड़ी किसी चोट या समस्या से उबरने के लिए पुनर्वास प्रक्रिया में हैं, उन्हें एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए चिकित्सकीय रूप से फिट होने का प्रमाण भी देना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here