एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल में आयोजित 25वें खेलो चेस इंडिया संडे मास्टर्स ब्लिट्ज शतरंज टूर्नामेंट में इंटरनेशनल मास्टर अनुज श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। चैसबेस इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में 10 शीर्ष खिलाड़ियों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का आयोजन राउंड रॉबिन फॉर्मेट में किया गया, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को नौ मुकाबले खेलने थे। मध्य भारत के शीर्ष वरीय खिलाड़ी और ग्रांडमास्टर बनने के करीब पहुंचे आयुष शर्मा को शीर्ष वरीयता दी गई थी, जबकि अनुज श्रीवास्तव को दूसरी वरीयता प्राप्त थी। इसके अलावा कोलंबिया की महिला इंटरनेशनल मास्टर एंजेला फ्रांकों और एशियन अंडर-10 चैंपियन माधवेन्द्र प्रताप शर्मा भी प्रतियोगिता के आकर्षण का केंद्र रहे।
अनुज ने सभी नौ मुकाबले जीतकर अपराजेय रहते हुए पहला स्थान हासिल किया। तीसरे राउंड में आयुष शर्मा के खिलाफ एक लगभग हारी हुई बाजी में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की, जो निर्णायक साबित हुई। आयुष शर्मा ने 7.5 अंक लेकर दूसरा स्थान पाया, जबकि माधवेन्द्र प्रताप शर्मा ने 6 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया। वेदांत भारद्वाज ने 5.5 अंकों के साथ चौथा और देवांश सिंह ने समान अंकों के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया। अन्य खिलाड़ियों में मीतांश दीक्षित, एंजेला फ्रांकों, सिद्धार्थ उपाध्याय, सूरज चौधरी और मेदान्त जैन क्रमशः छठे से दसवें स्थान पर रहे।

