मंत्री सारंग ने साइकिल रैली को दिखाई हरी झंडी, साइकिलिस्टों के साथ खुद भी चलाई साइकिल

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल।  सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को मैनिट कॉलेज, भोपाल से “संडे ऑन साइकिल” अभियान की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित साइकिल रैली को फ्लैग ऑफ किया। यह आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI CRC भोपाल) द्वारा फिट इंडिया मिशन के तहत किया गया। इस मौके पर मंत्री सारंग स्वयं भी साइकिल चलाकर रैली में शामिल हुए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश है कि “इंडिया फिट रहेगा तभी इंडिया हिट रहेगा”। इसी सोच के साथ फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की गई है। “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम नागरिकों को नियमित व्यायाम, सक्रिय जीवनशैली और अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और ईंधन बचत की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे आयोजनों से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और स्वच्छ, हरित भविष्य की नींव मजबूत होती है। मंत्री सारंग ने नागरिकों से अपील की कि वे “फिट इंडिया–हेल्दी इंडिया” के संकल्प को अपनाते हुए “संडे ऑन साइकिल” जैसे अभियानों से जुड़ें और स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। साइकिल रैली मैनिट कॉलेज से शुरू होकर डिपो चौराहा, पीएनटी सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मैनिट कॉलेज पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और अनुशासित जीवनशैली का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में फिल्म अभिनेत्री पायल रोहतागी, भारतीय खेल प्राधिकरण मध्य क्षेत्रीय केंद्र भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान, विभागीय अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here