एनएसटी न्यूज, भोपाल। पीपुल्स पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई नेशनल गर्ल्स क्रिकेट टूर्नामेंट में आज अंडर-17 और अंडर-19 दोनों आयु वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए। अंडर-17 वर्ग में नॉर्थ जोन 1 स्ट्राइकर्स और अंडर-19 वर्ग में साउथ जोन 2 स्ट्राइकर्स ने खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 के फाइनल में साउथ जोन 1 टाइटंस और नॉर्थ जोन 1 स्ट्राइकर्स आमने-सामने थे। नॉर्थ जोन 1 ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। साउथ जोन 1 की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 51 रन ही बना सकी। जयमाला ने 44 गेंद पर 21 रन और एम. श्री चैथरा ने 21 गेंद पर 10 रन बनाए। नॉर्थ जोन 1 की ओर से तनिष्का राणा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 5 रन देकर 3 विकेट झटके। रिमझिम और गरिमा चौधरी ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नॉर्थ जोन 1 ने 12 ओवर में 1 विकेट खोकर 52 रन बनाकर 9 विकेट से मुकाबला जीत लिया। शिदरा फारूकी ने 29 गेंद में 26 रन और श्रीजा ने 24 रन जोड़े। अंडर-19 फाइनल में साउथ जोन 2 स्ट्राइकर्स और नॉर्थ जोन 2 नाइट्स के बीच मुकाबला हुआ। साउथ जोन 2 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 142 रन बनाए। अदिति राउत ने 53 गेंद में शानदार 68 रन बनाए, जबकि स्वरा ने 43 गेंद पर 45 रन और साइ श्री ने 22 रन जोड़े।
नॉर्थ जोन 2 की ओर से आध्या गुप्ता और स्वर्णिम गौर को एक-एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ जोन 2 की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 88 रन ही बना सकी। अवनी ने 21 रन और स्वर्णिम गौर ने 16 रन बनाए। साउथ जोन 2 की ओर से अक्षरा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए और टीम को 54 रन से जीत दिलाई। कार्यक्रम का समापन पीपुल्स यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में हुआ। मुख्य अतिथि द्रोणाचार्य अवार्डी और गौतम गंभीर के कोच डॉ. संजय भारद्वाज, भारत की अंडर-19 विश्वकप विजेता खिलाड़ी सौम्या तिवारी, स्कूल प्राचार्य आशु वाधवा और स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर सागर रायकवार ने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया।


