पेरिस : फ्रेंच ओपन 2026 में सबसे बड़े खिताबी दावेदार माने जा रहे इटली के स्टार खिलाड़ी जैनिक सिनर का सफर गुरुवार को दूसरे दौर में ही समाप्त हो गया। अर्जेंटीना के जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने शानदार वापसी करते हुए सिनर को 3-6, 2-6, 7-5, 6-1, 6-1 से हराकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया। सिनर इस बार अपने पहले फ्रेंच ओपन खिताब और करियर ग्रैंड स्लैम की तलाश में पेरिस पहुंचे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने इस सीजन क्ले कोर्ट पर मोंटे कार्लो, मैड्रिड और रोम जैसे बड़े खिताब जीते थे। वहीं गत चैंपियन कार्लोस अलकराज चोट के कारण बाहर थे और नोवाक जोकोविक भी अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिख रहे थे, ऐसे में सिनर को सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था। सिनर के बाहर होने के बाद अब नोवाक के सामने रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम जीतने का सुनहरा मौका बन गया है।
शुरुआती सेटों में छाए रहे सिनर
मैच की शुरुआत पूरी तरह सिनर के पक्ष में रही। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने पहले दो सेट आसानी से जीत लिए और तीसरे सेट में भी 5-1 की बढ़त बना ली थी। ऐसा लग रहा था कि मुकाबला सीधे सेटों में समाप्त हो जाएगा। लेकिन भीषण गर्मी और शारीरिक परेशानी ने मैच का रुख बदल दिया। तीसरे सेट में सिनर अचानक असहज दिखने लगे। उन्होंने खेल रोककर मेडिकल टाइमआउट लिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कोर्ट पर मौजूद अधिकारियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें चक्कर आ रहे हैं और उल्टी जैसा महसूस हो रहा है। पांच मिनट बाद वापसी करने के बावजूद वह अपनी लय हासिल नहीं कर सके। सेरुंडोलो ने मौके का पूरा फायदा उठाया। अर्जेंटीना के इस खिलाड़ी ने लंबी रैलियों में धैर्य बनाए रखा और लगातार आक्रामक खेल दिखाया। तीसरा सेट जीतने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ गया, जबकि सिनर की हालत लगातार बिगड़ती गई।
पांचवें सेट में सेरुंडोलो ने संभाली कमान
चौथे सेट में सिनर अपनी दाहिनी जांघ पकड़ते नजर आए और पूरी तरह संघर्ष करते दिखे। पांचवें और निर्णायक सेट में सेरुंडोलो ने शुरुआती बढ़त बना ली और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। विश्व रैंकिंग में 56वें स्थान पर मौजूद इस अर्जेंटीनी खिलाड़ी ने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए रोलां गैरो से टूर्नामेंट के सबसे बड़े दावेदार को बाहर कर दिया।
ओसाका तीसरे दौर में पहुंचीं, वेकिच बाहर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फ्रेंच ओपन 2026 के महिला सिंगल्स मुकाबले में जापान की स्टार खिलाड़ी नाओमी ओसाका ने गुरुवार को लगभग दो घंटे तक चले कड़े बेसलाइन मुकाबले में क्रोएशिया की डोना वेकिच को 7-6(1), 6-4 से हराकर तीसरे दौर में जगह बना ली। इस जीत के साथ ओसाका ने टूर्नामेंट के अगले चरण में प्रवेश कर लिया है और यह प्रदर्शन उनके लिए खास माना जा रहा है, क्योंकि 2019 के बाद पेरिस में यह उनका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।
फ्रेंच ओपन 2026 में जापान की स्टार खिलाड़ी नाओमी ओसाका के लिए क्ले कोर्ट हमेशा से अनुकूल नहीं माना जाता, लेकिन इस बार पहले सप्ताह में उनके प्रदर्शन ने उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ाया है। अब तीसरे दौर में ओसाका का सामना अमेरिका की 18 वर्षीय खिलाड़ी इवा जोविक से होगा, जिन्होंने अपने ही देश की एम्मा नवारो को 6-0, 6-3 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई है।


