गेंद और बल्ले से चमके अर्जुन तेंदुलकर, अंधेरी को दिलाई शानदार जीत

0

नई दिल्ली : महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने टी20 मुंबई लीग 2026 में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन कर अपनी टीम आर्क्स अंधेरी की जीत में अहम भूमिका निभाई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जुन ने पहले गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 11 रन देकर 3 विकेट झटके और एक मेडन ओवर भी डाला। उनकी सटीक गेंदबाजी के सामने बांद्रा ब्लास्टर्स की टीम संघर्ष करती नजर आई और 20 ओवर में 9 विकेट पर 144 रन ही बना सकी। अर्जुन के इस प्रभावशाली प्रदर्शन ने अंधेरी के लिए जीत की मजबूत नींव तैयार कर दी।

फिर अर्जुन ने लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 194 के स्ट्राइक रेट से रन ठोके। 145 रन का पीछा करते हुए आर्क्स अंधेरी ने दिव्यांश सकसेना (26) का तेज शुरुआत के बाद विकेट जल्दी खो दिया, लेकिन अर्जुन और मुशीर खान ने इसके बाद विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 116 रन की साझेदारी की, जिसमें अर्जुन ने 34 गेंदों पर नाबाद 66 रन और मुशीर ने 38 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए।

68 गेंदों में 116 रन, अर्जुन-मुशीर की जोड़ी ने मचाया धमाल

लक्ष्य का पीछा करते हुए अर्जुन तेंदुलकर और मुशीर खान ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों के बीच सिर्फ 68 गेंदों में 116 रन की बेहतरीन साझेदारी हुई, जिसने मुकाबले को पूरी तरह अंधेरी के पक्ष में कर दिया। अर्जुन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से शानदार पारी खेली, जबकि मुशीर ने 7 चौके और 1 छक्का लगाया। उनकी दमदार बल्लेबाजी के दम पर आर्क्स अंधेरी ने 37 गेंद शेष रहते 9 विकेट से आसान जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ आर्क्स अंधेरी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है और उसने 4 में से 3 मुकाबले जीते हैं। वहीं नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने लगातार चार जीत के साथ अंतिम-4 में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here