नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार जीत के बाद इंग्लैंड टीम एक नए विवाद में घिर गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स की कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) सोमवार सुबह एक नाइट क्लब में हुई घटना की जांच कर रहा है। इस मामले में तेज गेंदबाज गस एटकिंसन का नाम भी सामने आया है। ईसीबी ने इसे टीम के निर्धारित प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। ऐसे में स्टोक्स और एटकिंसन दोनों की भूमिका पर नजर बनी हुई है, जबकि इस विवाद ने इंग्लैंड क्रिकेट में नई बहस छेड़ दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला इतना गंभीर माना जा रहा है कि बेन स्टोक्स की टेस्ट कप्तानी भी खतरे में पड़ सकती है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार शाम जारी बयान में बताया कि घटना को आगे की जांच के लिए क्रिकेट नियामक के पास भेज दिया गया है। जांच पूरी होने तक स्टोक्स और गस एटकिंसन को 17 जून से द ओवल में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर किया जा सकता है। हालांकि इस घटना में किसी खिलाड़ी के घायल होने की सूचना नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विवाद में सारासेन्स रग्बी क्लब के कुछ खिलाड़ी भी शामिल थे, जो अपने सीजन के समापन का जश्न मनाने के लिए वहां मौजूद थे। अब सभी की नजर ईसीबी की जांच और संभावित अनुशासनात्मक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
ईसीबी का बड़ा बयान
घटना एटकिंसन और एक अनजान एकेडमी के खिलाड़ी के बीच हुए झगड़े की वजह से हुई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईसीबी ने बयान में कहा, ‘ईसीबी अभी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के खत्म होने के बाद टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच कर रहा है। बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन सोमवार सुबह एक नाइट क्लब में मौजूद थे,जब यह घटना हुई। हम अभी और जानकारी ढूंढ रहे हैं और दूसरे टेस्ट के लिए टीम के बारे में सही समय पर घोषणा की जाएगी। क्रिकेट नियामक को बता दिया गया है और जब भी मुमकिन होगा हम आगे जानकारी देंगे।’
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी विवादों में घिरे थे बेन स्टोक्स
सारासेन्स ने बाद में जानकारी दी कि क्लब से जुड़ा एक एकेडमी का खिलाड़ी रविवार शाम को हुई एक घटना में शामिल था। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद इंग्लैंड को खिलाड़ी और स्टाफ के लिए आधी रात का कर्फ्यू लगाना पड़ा, जहां खिलाड़ियों के मैदान के बाहर के व्यवहार की जांच हुई थी और अब हुई घटना ईसीसी के लि शर्मिंदगी की बात है।
हैरी ब्रूक संभाल सकते हैं कप्तानी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भी इंग्लैंड के खिलाड़ियों का व्यवहार चर्चा में रहा था। बताया गया कि हैरी ब्रूक पर देर रात एक बाउंसर से जुड़े विवाद के बाद जुर्माना लगाया गया था और उन्हें आधिकारिक चेतावनी भी दी गई थी। इसी घटना में जैकब बेथेल को भी उनके आचरण को लेकर चेतावनी मिली थी। वहीं सीरीज के बीच मिले अवकाश के दौरान नूसा में बेन डकेट की कथित तौर पर नशे की हालत में तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे, जिससे टीम की छवि पर सवाल उठे थे। अब जबकि बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन जांच के घेरे में हैं, इंग्लैंड के उप-कप्तान हैरी ब्रूक दूसरे टेस्ट में टीम की कप्तानी संभालते हुए नजर आ सकते हैं।


