अर्जुन तेंदुलकर की नई शुरुआत, सानिया चंडोक से की सगाई, बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखती हैं मंगेतर

0

नई दिल्ली: अर्जुन तेंदुलकर ने अपने जीवन का नया अध्याय शुरू किया है। भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन ने बुधवार, 13 अगस्त 2025 को सानिया चंडोक से सगाई की। सानिया मुंबई के मशहूर उद्योगपति और ग्राविस हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड के चेयरमैन रवि घई की पोती हैं, जिनका नाम होटल इंडस्ट्री और आइसक्रीम ब्रांड ‘ब्रुकलिन क्रीमरी’ से भी जुड़ा है। यह सगाई एक बेहद निजी समारोह में संपन्न हुई, जिसमें केवल करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य मौजूद थे। मीडिया की चकाचौंध और बड़े आयोजनों से दूर, शांत और स्नेहपूर्ण माहौल में अर्जुन और सानिया ने अंगूठियों का आदान-प्रदान कर जीवनभर साथ निभाने का वादा किया।

गेंद से नहीं, दिल से क्लीन बोल्ड हुए अर्जुन तेंदुलकर

अर्जुन और सानिया की सगाई की खबर जैसी ही सामने आई, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर फैंस और दोस्तों ने बधाइयों की बौछार कर दी। इंस्टाग्राम और X (ट्विटर) पर #ArjunTendulkar और #SaaniyaChandok ट्रेंड करने लगे। क्रिकेट फैंस ने मजाक में लिखा, ‘अर्जुन ने इस बार गेंद से नहीं, दिल से क्लीन बोल्ड कर दिया।’

कौन हैं सानिया चंडोक?

सानिया चंडोक की पहचान भी कम दिलचस्प नहीं है। वह मुंबई के प्रतिष्ठित उद्योगपति रवि घई की पोती हैं, जो ग्राविस हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड के चेयरमैन हैं और इंटरकॉन्टिनेंटल होटल व आइसक्रीम ब्रांड ‘ब्रुकलिन क्रीमरी’ से जुड़ी एक प्रमुख हस्ती माने जाते हैं। सानिया खुद भी एक सफल उद्यमी हैं। भारत सरकार के आधिकारिक रिकॉर्ड (कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय) के अनुसार, वह मुंबई स्थित ‘मिस्टर पॉज पेट स्पा एंड स्टोर एलएलपी’ की नामित हिस्सेदार और डायरेक्टर हैं। पालतू पशुओं के लिए स्पा और स्टोर का अनूठा संयोजन उनका खास व्यवसायिक आइडिया है, जिसे वह बेहद निजी और प्रोफेशनल अंदाज में संचालित करती हैं। खास बात यह है कि सानिया सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखती हैं और अपने काम पर ही पूरी तरह ध्यान देती हैं।

अर्जुन तेंदुलकर बना रहे हैं अपनी अलग पहचान

मुंबई में 24 सितंबर 1999 को जन्मे अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट में गोवा का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने अपने घरेलू करियर की शुरुआत 2020/21 सीजन में मुंबई के साथ की और हरियाणा के खिलाफ टी20 मैच से डेब्यू किया। इससे पहले वह जूनियर स्तर पर मुंबई के लिए खेल चुके थे और भारत की अंडर-19 टीम में भी जगह बना चुके थे। सीजन 2022/23 में अर्जुन गोवा की टीम में शामिल हुए, जहां उन्होंने प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए क्रिकेट में डेब्यू किया।

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन ने रेड बॉल क्रिकेट में 17 मैच खेलते हुए एक शतक और दो अर्धशतक की मदद से 532 रन बनाए हैं और 37 विकेट हासिल किए हैं, जिसमें एक बार पांच विकेट और दो बार 4-4 विकेट लेने का कारनामा शामिल है। लिस्ट ए क्रिकेट में गोवा के लिए खेलते हुए अर्जुन ने 17 मैचों में हिस्सा लिया है, जिसमें 9 पारियों में 76 रन बनाए हैं। इंडियन प्रीमियर लीग में वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा भी रह चुके हैं। उनकी मेहनत, खेल के प्रति जुनून और निरंतर प्रदर्शन ने उन्हें हमेशा सुर्खियों में बनाए रखा है, और अब उनकी पर्सनल लाइफ भी फैंस के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है।

  • फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड: 17 मैच, 532 रन, 37 विकेट (1 बार पारी में 5 विकेट)
  • लिस्ट A रिकॉर्ड: 25 विकेट और 100 से ज्यादा रन।
  • इंडियन प्रीमियर लीग रिकॉर्ड: मुंबई इंडियंस के लिए 5 मैच, 3 विकेट।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here