Asia Cup 2025: शाहीन अफरीदी की वापसी, बाबर-रिजवान बाहर, सलमान बने कप्तान

0

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होगी और इस बार टूर्नामेंट का आयोजन दुबई में किया जाएगा। हालांकि, अभी तक इसमें हिस्सा लेने वाली सभी टीमों ने अपनी-अपनी स्क्वॉड का ऐलान नहीं किया है, जिसमें पाकिस्तान भी शामिल है। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें खास तौर पर पाकिस्तान की टीम चयन पर टिकी हुई हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार टीम में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को जगह मिलने की संभावना बेहद कम है।

पिछले एशिया कप में पाकिस्तान की कमान बाबर आजम के हाथों में थी, लेकिन इस बार संभावना है कि वह बतौर खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा न बन पाएं। पिछले कुछ महीनों से उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है और वह खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। इस साल बाबर ने पाकिस्तान के लिए एक भी टी20 मैच नहीं खेला है और लगातार टी20 टीम से बाहर किए जा रहे हैं। यह संकेत देता है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) उन्हें शायद टी20 प्रारूप की भविष्य की योजनाओं में शामिल नहीं कर रहा है।

बाबर आजम के साथ-साथ मोहम्मद रिजवान के एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तान टीम में शामिल होने की संभावना भी बेहद कम है, क्योंकि उन्हें भी लगातार टी20 टीम से बाहर रखा जा रहा है। फिलहाल पाकिस्तान टी20 टीम की कप्तानी सलमान आगा के हाथों में है, और संभावना है कि एशिया कप में भी टीम उनकी ही अगुवाई में खेले। वहीं, हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को टीम में जगह मिली थी, जिससे उम्मीद है कि उन्हें एशिया कप के लिए भी स्क्वॉड में शामिल किया जा सकता है।

पाकिस्तान के ओपनर फखर जमान वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में चोटिल हो गए थे, ऐसे में उनका एशिया कप टीम में चयन होगा या नहीं, यह देखने वाली बात होगी। हालांकि, बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के अनुभव को ध्यान में रखते हुए पीसीबी उन्हें मौका दे सकती है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में इसकी संभावना काफी कम नजर आती है। अगर बाबर और रिजवान को एशिया कप की टीम में जगह नहीं मिलती है, तो यह लगभग तय माना जा सकता है कि वे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी पाकिस्तान की ओर से खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।

एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तान की संभावित टीम

सलमान आगा (कप्तान), फखर जमान, सईम अयूब, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), हसन नवाज, साहिबजादा फरहान, फहीम अशरफ, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद, हारिस रऊफ, हसन अली, सुफियान मुकीम, शाहीन अफरीदी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here