नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा इंग्लैंड के प्रतिष्ठित घरेलू वन-डे कप में हैम्पशायर क्रिकेट क्लब की ओर से खेलेंगे। क्लब ने सोमवार को पूरे टूर्नामेंट के लिए उनके साथ करार की घोषणा की। जीएमआर ग्रुप, जो दिल्ली कैपिटल्स और हैम्पशायर दोनों का सह-स्वामी है, इस समझौते का प्रमुख हिस्सा है। 27 वर्षीय आशुतोष भारतीय घरेलू क्रिकेट में सबसे तेज टी20 अर्धशतक का रिकॉर्ड रखते हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रेलवे की ओर से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ केवल 11 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। हैम्पशायर के क्रिकेट निदेशक जाइल्स व्हाइट ने कहा कि आशुतोष ने आईपीएल में दबाव की परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया है और टीम को इस सीजन खिताब दिलाने में उनकी भूमिका अहम हो सकती है।
वहीं, कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे यूथ टेस्ट के पहले दिन भारत अंडर-19 ने शुरुआती दो विकेट बिना खाता खोले गंवाने के बावजूद शानदार वापसी की। दिन का खेल समाप्त होने तक टीम ने 65 ओवर में 3 विकेट पर 253 रन बना लिए। कप्तान यशवर्धन चौहान ने 78 रन बनाए, जबकि कुशाग्र ओझा 103 रन और मनाल चौहान 55 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अब तक 131 रन की अविजित साझेदारी की है। श्रीलंका की ओर से गिमहान मेंडिस ने दो और सेथमिका सेनेविरात्ने ने एक विकेट लिया।


