लंदन। भारतीय ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा ने इंग्लैंड के वनडे कप में हैम्पशायर क्रिकेट क्लब के लिए अपने डेब्यू मुकाबले में गेंदबाजी से शानदार छाप छोड़ी। यॉर्कशायर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने नौ ओवर में 48 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके और एक रनआउट में भी अहम भूमिका निभाई। हालांकि बल्लेबाजी में वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और छठे नंबर पर उतरकर नौ गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हो गए। हैम्पशायर ने यह मुकाबला 50 रन से जीत लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए हैम्पशायर ने टॉम प्रेस्ट के 94 गेंदों पर 109 रन और जेक लेहमन के 75 रन की बदौलत आठ विकेट पर 320 रन बनाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 147 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। जवाब में यॉर्कशायर ने तेज शुरुआत की, लेकिन आशुतोष ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने विल व्हाइटमैन, हैरी ड्यूक और कप्तान डॉम बेस को आउट किया।
यॉर्कशायर की ओर से विल लक्सटन (64) और जॉर्ज हिल (61) ने संघर्ष किया, लेकिन हैम्पशायर के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालकर टीम को 270 रन पर समेट दिया। मैच में यॉर्कशायर के तीन बल्लेबाज रनआउट हुए, जिनमें एक रनआउट आशुतोष शर्मा ने भी किया। गेंद और फील्डिंग में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अपने पहले ही मैच में हैम्पशायर की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।


