Asia Cup hockey: एशिया कप में बांग्लादेश हो सकता है पाकिस्तान का विकल्प, अंतिम फैसला जल्द

0

नई दिल्ली: हॉकी पुरुष एशिया कप में बांग्लादेश की टीम पाकिस्तान की जगह ले सकती है। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त से बिहार के राजगीर में आयोजित किया जाएगा। यदि पाकिस्तान अगले कुछ दिनों में इसमें भाग लेने की पुष्टि नहीं करता है, तो बांग्लादेश को उसकी जगह शामिल किया जाएगा। भारत सरकार पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह एशिया कप के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा प्रदान करेगी, लेकिन पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यात्रा से इनकार किया है।

अगले दो दिन में स्थिति स्पष्ट होगी

आयोजकों ने आठ टीमों के टूर्नामेंट में पाकिस्तान की जगह लेने के लिए बांग्लादेश से संपर्क किया है। हॉकी इंडिया ने बताया कि अगले 48 घंटों में वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, भारत सरकार पहले ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा देने के लिए तैयार है, लेकिन यदि वे भारत नहीं आना चाहते हैं तो यह हॉकी इंडिया की समस्या नहीं है। पाकिस्तान न आने की स्थिति में बांग्लादेश को पहले ही टूर्नामेंट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा चुका है, लेकिन पुष्टि के लिए दो दिन और इंतजार करना होगा। फिलहाल न तो पाकिस्तान और न ही बांग्लादेश ने इसकी पुष्टि की है।

एशिया कप में शामिल टीमें

पहलगाम में हुए आतंकी हमले और भारत के साथ सैन्य टकराव के कारण एशिया कप में पाकिस्तान की भागीदारी अनिश्चित हो गई है। यह टूर्नामेंट एशिया कप 2026 के लिए क्वालिफाइंग इवेंट भी है। मेजबान भारत के अलावा, एशिया कप में चीन, जापान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और चीनी ताइपे की टीमें भी हिस्सा लेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here