Asia Cup Hockey : भारतीय महिलाओं ने सिंगापुर को 12-0 से रौंदा, मुमताज और नवनीत ने की हैट्रिक

0

नई दिल्ली: नवनीत कौर और मुमताज खान की हैट्रिक की बदौलत भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन के हॉन्गझू में सोमवार 8 सितंबर 2025 को एशिया कप के पूल बी मैच में सिंगापुर को 12-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने टूर्नामेंट के सुपर-4 चरण में प्रवेश किया। भारत की ओर से नवनीत (14वें, 18वें और 28वें मिनट) और मुमताज खान (दूसरे, 32वें और 38वें मिनट) के अलावा नेहा, लालरेम्सियामी (13वें मिनट), शर्मिला देवी (45वें मिनट) और ऋतुजा पिसल (52वें मिनट) ने भी भारत के लिए गोल दागे। नेहा ने 11वें और 38वें मिनट में दो गोल दागे।

भारत ने थाईलैंड को 11-0 से रौंदा

विश्व रैंकिंग में 10वें नंबर की भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछले हफ्ते अपने पहले मैच में थाइलैंड को 11-0 से हराया और गत चैंपियन जापान के साथ 2-2 का ड्रॉ खेला। टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें सिंगापुर की रैंकिंग 34वीं है। दोनों पूलों से शीर्ष दो टीमें सुपर-4 चरण के लिए क्वालिफाई करेंगी, और भारत ने इस चरण में प्रवेश कर लिया है। सुपर-4 में शीर्ष दो टीमें 14 सितंबर को होने वाले फाइनल में भिड़ेंगी। एशिया कप जीतने वाली टीम 2026 महिला विश्व कप के लिए बेल्जियम और नीदरलैंड्स में क्वालिफाई करेगी।

भारत ने पहले और तीसरे क्वार्टर में 4-4 गोल किए

भारत बनाम सिंगापुर मैच में चौथे क्वार्टर को छोड़ दें तो सिम वैलेरी की अगुआई वाली टीम सलीमा टेटे ब्रिगेड के सामने संघर्ष करती दिखी। भारतीय महिलाओं ने शुरू से ही खेल पर दबदबा बनाया। पहले क्वार्टर में उन्होंने 4 गोल दागे, जबकि दूसरे क्वार्टर में स्कोरलाइन को 7-0 तक बढ़ा दिया। हॉफ टाइम के बाद भारत ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 5 गोल दागे। तीसरे क्वार्टर में भी टीम ने 4 गोल किए और अंततः चौथे क्वार्टर में एक और गोल दागते हुए मुकाबले को समाप्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here