नई दिल्ली: एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तान के स्क्वॉड के ऐलान के बाद, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साल 2025-26 के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का भी ऐलान कर दिया है। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान, जिन्हें एशिया कप के स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया, इस बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में भी नुकसान झेलने पड़े। दोनों खिलाड़ियों का इस बार डिमोशन हुआ है।
इस बार कोई भी खिलाड़ी नहीं बन पाया ग्रेड A का हिस्सा
2025-26 के लिए PCB द्वारा जारी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में इस बार कोई भी खिलाड़ी ग्रेड A में शामिल नहीं है। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान, जो पहले ग्रेड A में थे, इस बार ग्रेड B में शामिल किए गए हैं। पिछले कुछ समय से दोनों का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपेक्षाकृत कमजोर रहा है, यही वजह है कि उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में नुकसान झेलना पड़ा।
पांच खिलाड़ियों को मिला प्रमोशन
इसके अलावा अबरार अहमद, हारिस रऊफ, सलमान अली आगा, सैम अयूब और शादाब खान को प्रोमोशन मिला है। ये सभी खिलाड़ी पिछली बार ग्रेड C में थे, लेकिन अब उन्हें ग्रेड B में शामिल किया गया है।
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में 12 नए खिलाड़ियों को मिली जगह
पिछली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में PCB ने 27 खिलाड़ियों को शामिल किया था, लेकिन इस बार संख्या बढ़ाकर कुल 30 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इसमें 12 नए चेहरे भी हैं। अहमद दानियाल, फहीम अशरफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, साहिबजादा फरहान, सलमान मिर्जा और सुफयान मोकिम को पहली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की सूची में जगह मिली है।
2025-26 के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल होने वाले पाकिस्तान के प्लेयर्स
ग्रेड B (10 खिलाड़ी): अबरार अहमद, बाबर आजम, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसन अली, मोहम्मद रिजवान, सैम अयूब, सलमान अली आगा, शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी
ग्रेड C (10 खिलाड़ी): अब्दुल्लाह शफीक, फहीम अशरफ, हसन नवाज, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, नोमान अली, साहिबजादा फरहान, साजिद खान और सऊद शकील
ग्रेड D (10 खिलाड़ी): अहमद दानियाल, हुसैन तलत, खुर्रम शहजाद, खुशदिल शाह, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अब्बास अफरीदी, मोहम्मद वसीम जूनियर, सलमान मिर्जा, शान मसूद और सुफियान मुकीम


