नई दिल्ली: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने जा रही है और भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेला जाएगा। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले सबसे ज्यादा चर्चा इस बात पर है कि संजू सैमसन भारतीय बल्लेबाज़ी क्रम में किस स्थान पर खेलेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि फैंस का मानना है कि चाहे संजू को 5वें नंबर पर ही क्यों न उतारा जाए, टीम इंडिया की ताकत इतनी मजबूत है कि यूएई के खिलाफ जीत पक्की मानी जा रही है।
शुभमन गिल के टीम में शामिल होने के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि वह अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। इसमें किसी तरह की परेशानी भी नहीं है, लेकिन इस स्थिति में अगर संजू सैमसन को नीचे बल्लेबाज़ी करनी पड़े तो भी टीम इंडिया के प्रदर्शन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। दरअसल, अगर कोई बल्लेबाज़ अच्छी फॉर्म में है और लय में खेल रहा है, तो उसे किसी भी पोजिशन पर खेलने से डरने की जरूरत नहीं होती।
गिल और अभिषेक अगर शीर्ष क्रम में बल्लेबाज़ी करते हैं और टीम संतुलन के लिए संजू को नीचे उतरना पड़े, तो उन्हें इस चुनौती को सकारात्मक तरीके से स्वीकार कर टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करनी चाहिए। उनकी काबिलियत और अनुभव के दम पर वे इस भूमिका में सफल भी हो सकते हैं। वैसे भी यूएई के खिलाफ भारत को जीत दर्ज करने के लिए बहुत ज्यादा मशक्कत की ज़रूरत नहीं होगी, क्योंकि टीम इंडिया इस मुकाबले में अपने दमखम और संतुलन के आधार पर आसानी से बाज़ी मारने की क्षमता रखती है।
यूएई के खिलाफ मुकाबले में टीम इंडिया रिंकू सिंह या शिवम दुबे में से किसी एक को मौका दे सकती है। वहीं, स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव में से किसी एक को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है, क्योंकि टीम में पहले से ही अक्षर पटेल मौजूद हैं जो स्पिन गेंदबाजी के साथ बल्लेबाज़ी का विकल्प भी देते हैं, जबकि अभिषेक शर्मा भी पार्ट-टाइम स्पिनर की भूमिका निभा सकते हैं। तेज़ गेंदबाज़ी की बात करें तो हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह पेस अटैक की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
यूएई के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उप-कप्तान), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह/शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।


