राउंडग्लास हॉकी अकादमी और साई सोनीपत ने शानदार जीत के साथ अंक तालिका में अपनी बढ़त बरकरार रखी

0

मोहाली : राउंडग्लास हॉकी अकादमी और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, सोनीपत ने एसडीएटी हॉकी अकादमी, तमिलनाडु और नामधारी हॉकी अकादमी के खिलाफ ज़बरदस्त जीत दर्ज करते हुए पंजाब हॉकी लीग (अंडर-21) के दूसरे संस्करण के छठे दिन के बाद तालिका में शीर्ष स्थान बनाए रखा। यह टूर्नामेंट यहां ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेला जा रहा है। नेवल टाटा अकादमी ने एसजीपीसी हॉकी अकादमी, अमृतसर के खिलाफ रोमांचक 4-3 की जीत दर्ज कर तालिका में तीसरे स्थान पर छलांग लगाई।

राउंडग्लास हॉकी अकादमी 17 अंकों के साथ पहले और साई सोनीपत 15 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि जमशेदपुर की नेवल टाटा अकादमी 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। पीआईएस सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर ने 9 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया है। नमधारी हॉकी अकादमी 8 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गई है, वहीं एसजीपीसी हॉकी अकादमी (5 अंक), एसडीएटी हॉकी अकादमी (5 अंक) और घुमनेहरा राइजर्स हॉकी अकादमी, नई दिल्ली (3 अंक) अन्य स्थानों पर हैं।दिन के पहले मुकाबले में राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने एसडीएटी हॉकी अकादमी को 10-3 के बड़े अंतर से हराया। हालांकि शुरुआत में तीसरे मिनट में एस. विशाल के गोल से एसडीएटी ने बढ़त बनाई, लेकिन पहले क्वार्टर में ही गुरसेवक सिंह और जपनीत सिंह के गोल से आरजीएचए ने बढ़त ले ली। दूसरे क्वार्टर में जोबनप्रीत सिंह, सुखमनप्रीत सिंह, गुरविंदर सिंह और वरिंदर सिंह के गोलों से बढ़त और मजबूत हुई। एस. कृष्णन और एम. सुगुमार ने एसडीएटी के लिए स्कोर घटाया, लेकिन गुरविंदर सिंह ने एक और गोल कर आरजीएचए की पकड़ और मजबूत की। अंतिम क्वार्टर में जोबनप्रीत सिंह, जपनीत सिंह और प्रिंस सिंह के गोलों ने टीम की शानदार जीत पक्की की।

दिन के सबसे रोमांचक मुकाबले में नेवल टाटा हॉकी अकादमी ने एसजीपीसी हॉकी अकादमी को 4-3 से हराकर तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया। टिंटस हेमरोम के दो गोलों ने नेवल टाटा को पहले हाफ में ही 2-0 की बढ़त दिला दी थी। हालांकि हर्विंदर सिंह ने हाफ टाइम से पहले एसजीपीसी के लिए एक गोल कर अंतर घटाया। तीसरे क्वार्टर में आशीष तानी पुर्ती के दो गोलों ने स्कोर 4-1 कर दिया, लेकिन अंतिम क्वार्टर में हर्विंदर सिंह और दिलजीत सिंह के गोलों ने मैच को रोमांचक बना दिया, हालांकि नेवल टाटा ने एक गोल की बढ़त को अंत तक बनाए रखा।एक अन्य हाई स्कोरिंग मुकाबले में पीआईएस सुरजीत हॉकी अकादमी ने घुमनेहरा राइजर्स हॉकी अकादमी को 7-1 से हराकर लीग में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। अभिषेक गोरखी ने दो गोल किए, जबकि चरणजीत सिंह, मनरूप सिंह, करण सिंह, अजयपाल सिंह और नवदीर कुमार ने विजेता टीम के लिए अन्य गोल किए। घुमनेहरा के लिए प्रिक्षित ने एक सांत्वना गोल किया।

दिन के अंतिम मुकाबले में अंकुर रोर के दो गोल और नवराज सिंह, सृजन यादव, मितलेश यादव और रविंदर के गोलों की मदद से साई सोनीपत ने नमधारी हॉकी अकादमी को 6-1 से हराया। नमधारी के लिए एकमात्र गोल गोविंद पटेल ने किया। पंजाब हॉकी लीग, जो राउंडग्लास हॉकी अकादमी और हॉकी पंजाब के संयुक्त प्रयास से आयोजित की जा रही है, का उद्देश्य जमीनी स्तर से खिलाड़ियों को व्यापक मैच अनुभव प्रदान करना और उनके पेशेवर एवं व्यक्तिगत विकास में सार्थक योगदान देना है। कल विश्राम दिवस है और पहले चरण के अंतिम मुकाबले मंगलवार, 9 सितम्बर को खेले जाएंगे |

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here