बैंकाक (थाईलैंड)। एशिया लीजेंड्स कप में भारतीय लीजेंड्स ने विजयी आगाज करते हुए श्रीलंका लीजेंड्स को 6 विकेट से हराकर मजबूत संदेश दिया। बैंकाक क्रिकेट एसोसिएशन ग्राउंड (समुत साखोन) पर खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने गेंद और बल्ले दोनों से संतुलित प्रदर्शन किया। श्रीलंका लीजेंड्स के कप्तान जीवंथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय भारतीय गेंदबाजों के सामने गलत साबित हुआ। कठिन विकेट पर भारतीय आक्रमण ने शुरू से ही दबाव बना दिया और श्रीलंकाई टीम 98 रनों पर सिमट गई। श्रीलंका की ओर से समिथ ने 19 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके।

भारतीय गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ शानदार प्रदर्शन किया। मोहम्मद कलीम खान ने 37 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। अमरदीप सोनकर ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में केवल 4 रन देकर 1 विकेट लिया। नरेंद्र मीणा ने 19 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए, जबकि कप्तान जतिन सक्सेना ने 12 रन देकर एक सफलता हासिल की।
99 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय लीजेंड्स टीम ने संयम के साथ बल्लेबाजी की। टीम ने 17.4 ओवरों में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मोहम्मद कलीम खान ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 32 रन बनाए, जबकि कप्तान जतिन सक्सेना ने 31 रनों की अहम पारी खेली। अंत में गौरव सचदेवा 4 रन और चंद्रशेखर खूंटे 9 रन बनाकर नाबाद लौटे। मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मोहम्मद कलीम खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अमरदीप सोनकर को बेस्ट बॉलर, कप्तान जतिन सक्सेना को बेस्ट स्ट्राइकर और श्रीलंका के समिथ को बेस्ट स्मेशर का पुरस्कार दिया गया।


