*राज्यभर से जुटी प्रतिभा, रिकॉर्ड और आत्मविश्वास के साथ उतरे खिलाड़ी*
Nst NeWS, bhopal. प्रदेश में युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 के अंतर्गत राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं प्रदेश के 9 संभागों में आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में 28 विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इसके अंतर्गत राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन टी.टी. नगर स्टेडियम, भोपाल में किया गया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की विभिन्न ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में प्रदेश के सभी जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया।
*स्प्रिंट रेस (100 मीटर एवं 200 मीटर)*
100 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में इंदौर के मंथन काग ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी गति का लोहा मनवाया। सागर के अरविंद गंगास रजत एवं अनुपपुर के आशुतोष कोरम कांस्य पदक पर रहे।बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में नर्मदापुरम की हर्षिता यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रीवा की मोहिता तिवारी एवं नर्मदापुरम की अनन्या स्वामी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।200 मीटर दौड़ की स्पर्धाओं में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने तेज़ गति और बेहतर तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया।
*मिडिल एवं लॉन्ग डिस्टेंस रेस (400, 800, 1500 एवं 3000 मीटर)*
400 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में जबलपुर के मोहम्मद जुनैद मंसूरी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि बालिका वर्ग में सागर की अंजी अहिरवार प्रथम रहीं।800 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में ग्वालियर के अवधेश सिंह एवं बालिका वर्ग में उमरिया की शांति ने स्वर्ण पदक अर्जित किए।3000 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में भिंड के सूरज और बालिका वर्ग में उज्जैन की दीपिका शर्मा ने शानदार सहनशक्ति का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।1500 मीटर दौड़ की स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
*हर्डल्स स्पर्धाएं (110 मीटर, 400 मीटर एवं 100 मीटर हर्डल्स)*
110 मीटर हर्डल्स (बालक वर्ग) में बालाघाट के रवि बिसेन ने स्वर्ण पदक जीता।400 मीटर हर्डल्स (बालक वर्ग) में भी रवि बिसेन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।बालिका वर्ग की 100 मीटर हर्डल्स में छिंदवाड़ा की माहेरा खान ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।
*रिले रेस (4×100 मीटर एवं 4×400 मीटर)*
4×100 मीटर रिले (बालक वर्ग) में बालाघाट की टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि बालिका वर्ग में नर्मदापुरम की टीम प्रथम रही।
4×400 मीटर रिले की स्पर्धाओं में बालक एवं बालिका वर्ग की टीमों ने बेहतरीन तालमेल और टीमवर्क का प्रदर्शन किया, जिससे मुकाबले अंतिम क्षणों तक रोमांचक बने रहे।
फील्ड इवेंट्स (हाई जंप, लॉन्ग जंप, शॉटपुट, डिस्कस एवं जैवलिन थ्रो)
हाई जंप (बालक वर्ग) में अलीराजपुर के प्रदीप तोमर ने 1.85 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता।बालिका वर्ग की हाई जंप में सागर की भक्ति तिवारी प्रथम रहीं।डिस्कस थ्रो (बालक वर्ग) में रीवा के प्रशांत गहरवार ने स्वर्ण पदक अर्जित किया।लॉन्ग जंप, शॉटपुट एवं जैवलिन थ्रो की स्पर्धाओं में भी विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने सशक्त प्रदर्शन करते हुए पदक जीते।
एथलेटिक्स पदक तालिका में इंदौर अव्वल
राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की ओवरऑल पदक तालिका में इंदौर जिला शीर्ष स्थान पर रहा। इसके बाद बालाघाट, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर ने भी प्रभावी प्रदर्शन कर शीर्ष स्थानों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।इसके अतिरिक्त रतलाम, अलीराजपुर, जबलपुर, रीवा, ग्वालियर, छिंदवाड़ा, शिवपुरी सहित कई जिलों के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश की खेल प्रतिभा को मजबूत आधार प्रदान किया।
प्रदेश को मिल रहे भविष्य के चैंपियन
खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 के अंतर्गत आयोजित यह राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता प्रदेश के युवाओं के लिए एक सशक्त मंच साबित हुई है। चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे प्रदेश की खेल संस्कृति को नई दिशा मिल रही है।
विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
अब तक संपन्न प्रतियोगिताओं में इंदौर, बालाघाट, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, रतलाम, अलीराजपुर, जबलपुर, रीवा, ग्वालियर, छिंदवाड़ा एवं शिवपुरी सहित अनेक जिलों के खिलाड़ियों ने पदक अर्जित कर अपने-अपने जिलों का गौरव बढ़ाया है।विशेष रूप से एथलेटिक्स स्पर्धाओं में बालाघाट, इंदौर और भोपाल के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है
आगामी स्पर्धाओं को लेकर तैयारियाँ पूर्ण
खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत 30 जनवरी 2026 को भी एथलेटिक्स की कई महत्वपूर्ण स्पर्धाएँ आयोजित की जाएंगी। इनमें 1500 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, जैवलिन थ्रो, शॉटपुट एवं 4×400 मीटर रिले के फाइनल मुकाबले शामिल हैं। आयोजन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा चुकी हैं तथा खिलाड़ी पूरे जोश के साथ आगामी मुकाबलों के लिए तैयार हैं
खेल संस्कृति को सशक्त करने की दिशा में प्रभावी पहल
खेलो एमपी यूथ गेम्स केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश में खेल संस्कृति, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। इन खेलों के माध्यम से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।


