नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर हमेशा ही खेल प्रशंसकों में खास उत्साह देखने को मिलता है। एशियन गेम्स 2026 में एक बार फिर दोनों टीमें हॉकी के मैदान पर आमने-सामने होंगी। भारत और पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जहां दोनों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम स्वर्ण पदक के मुकाबले में प्रवेश करेगी, जबकि हारने वाली टीम को कांस्य पदक के लिए खेलना होगा। दोनों टीमों के हालिया प्रदर्शन और आपसी रिकॉर्ड को देखें तो मुकाबले से पहले भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आता है।
ग्रुप स्टेज में भारत का दबदबा, लगातार जीत के साथ सेमीफाइनल में एंट्री
गत चैंपियन भारत एशियन गेम्स में पूल बी में शामिल है। भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है। भारत ने ग्रुप चरण के अपने शुरुआती चार पूल मुकाबलों में इंडोनेशिया को 13-1, श्रीलंका को 16-1, दक्षिण कोरिया को 8-2 से और मेजबान जापान को 2-0 से करारी शिकस्त दी थी। भारत एशियन गेम्स में लगातार चार जीत दर्ज कर चुका है और अब आखिरी मैच में उसका सामना बांग्लादेश से है। दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम ने भी पूल चरण के मैचों में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया है। पाकिस्तान अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंचा है।
भारत-पाकिस्तान सेमीफाइनल कब होगा?
भारत और पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबला एक अक्तूबर यानी गुरुवार को खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए ये मैच काफी अहम है क्योंकि विजेता टीम स्वर्ण पदक जीतने के करीब पहुंच जाएगी। इतना ही नहीं सेमीफाइनल जीतते ही एशियन गेम्स में पदक पक्का हो जाएगा। भारत और पाकिस्तान की टीमें जब भी आमने-सामने होती हैं तो खेल प्रेमियों और दोनों देशों के समर्थकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिलता है। एक बार फिर ऐसा ही रोमांच दिखने की उम्मीद है।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में टीम के खिलाड़ियों ने मैदानी गोल दागने के साथ-साथ पेनल्टी कॉर्नर को भुनाने में भी अपनी महारत दिखाई है। हालांकि कोच की रणनीति को देखते हुए कुछ मौकों पर छोटी-मोटी कमियों को सुधारने पर भी जोर दिया जा रहा है ताकि नॉकआउट जैसे हाई-प्रेशर मैच में किसी प्रकार की चूक न हो। दोनों पारंपरिक प्रतिद्वंद्वियों के बीच का मुकाबला हमेशा से ही रोमांच, दबाव और भावनाओं से भरा होता है, जहां मैदान पर जरा सी भी गलती भारी पड़ सकती है। इतिहास गवाह है कि जब-जब भारत और हॉकी के मैदान पर आमने-सामने आए हैं, तब-तब दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला है।
हॉकी में भारत-पाकिस्तान का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और पाकिस्तान के बीच पुरुष हॉकी का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड बेहद रोमांचक और कड़े मुकाबले का रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक के कुल आंकड़ों पर नजर डालें तो पाकिस्तान की टीम कुल जीत के मामले में आगे है, लेकिन हालिया वर्षों में भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए बढ़त बनाई है। पिछले 10 साल से पाकिस्तान की हॉकी टीम भारत को नहीं हरा सकी है। हाल ही में भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच एफआईएच विश्व कप का मुकाबला खेला गया था जहां भारतीय टीम ने 5-3 से जीत दर्ज की थी।


