एशियन गेम्स: गणेश ने कंपाउंड तीरंदाजी में जीता कांस्य, चिकिथा क्वार्टर फाइनल में हारीं

0

नागोया : भारतीय कंपाउंड तीरंदाज गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने गुरुवार को एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा का कांस्य पदक अपने नाम किया। बुधवार को स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा रहे गणेश व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक की दौड़ से बाहर होने के बाद कांस्य पदक के मुकाबले में उतरे। यहां उन्होंने वियतनाम के कोंग डुक डांग को 149-144 से हराकर पदक अपने नाम किया।

भारत के 20 वर्षीय तीरंदाज ने कांस्य पदक के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 में से 14 तीर 10 अंक पर लगाए। गणेश को सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के किम जोंगहो के खिलाफ 144-148 से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। भारतीय तीरंदाज मुमकाबले में पिछड़ता रहा और अंततः 29-30, 29-30, 29-28, 29-30, 28-30 से हार गया। गणेश ने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के चीह लुन चेन को 148-138 से हराया था। गणेश ने सभी पांच सीरीज में जीत दर्ज की। उनका स्कोर 29-28, 29-28, 30-29, 30-26, 30-27 रहा। उन्होंने शुरुआती दो सीरीज में केवल दो बार नौ अंक का निशाना लगाया जिसके बाद लगातार 10 अंक के निशाने साधे।

वहीं, चिकिथा तनीपार्थी हालांकि कंपाउंड वर्ग में पदक की हैट्रिक बनाने से चूक गईं। उन्होंने बुधवार को महिला टीम और मिश्रित टीम कंपाउंड स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे। हालांकि अंतिम आठ के मुकाबले में उन्हें इंडोनेशिया की नुरिसा दियान अशरीफाह के हाथों 143-144 (29-30, 29-30, 29-29, 29-26, 27-27) से हार का सामना करना पड़ा। चिकिथा क्वार्टर फाइनल में लय हासिल नहीं कर सकीं और पांच चरण में से केवल एक चरण ही जीत पाईं। पांचवें चरण के पहले शॉट में आठ अंक हासिल करने का चिकिता को खामियाजा भुगतना पड़ा और अंततः उन्होंने एक अंक के अंतर से मुकाबला गंवा दिया।

भारत ने आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में कंपाउंड तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन टीम इवेंट में 3 स्वर्ण और व्यक्तिगत स्पर्धा में 1 कांस्य पदक के साथ किया। हालांकि, भारत व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धाओं की दोनों श्रेणियों में हांगझोऊ 2023 में जीते गए अपने स्वर्ण पदकों का बचाव नहीं कर सका। पिछले एशियन गेम्स में भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने इस खेल के सभी 5 स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे। इस बार टीम स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन के बावजूद व्यक्तिगत इवेंट में भारत को स्वर्ण पदक से संतोष करना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here