श्रीलंका पर भारत की बड़ी जीत, 45 रन पर किया ढेर; अब पाकिस्तान से गोल्ड मेडल की जंग

0

नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 में पुरुष टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रन के बड़े अंतर से हराकर शानदार अंदाज में फाइनल में जगह बनाई। जापान में निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क की मुश्किल और टर्न लेती पिच पर पहले इशान किशन की 46 गेंद में 80 रन की तूफानी पारी और वैभव सूर्यवंशी के 21 गेंद में 38 रन ने भारत को 169 रन तक पहुंचाया।

जवाब में जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा की घातक गेंदबाजी के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाजी बिखर गई और पूरी टीम 45 रन पर सिमट गई। इस बड़ी जीत के साथ भारत ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और अब गोल्ड मेडल के लिए फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगा। फाइनल मुकाबला इसी मैदान पर तीन अक्टूबर 2026 को खेला जाएगा। भारत के खिलाफ मैच में श्रीलंका के पांच बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लोटे। इसके साथ ही वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी फुल मेंबर टीम की पारी में सबसे ज्यादा डक के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई। इस सूची में जिम्बाब्वे छह डक के साथ शीर्ष पर है।

T20I मैच में किसी टीम की एक पारी में सबसे ज्यादा डक (फुल मेंबर टीमें)

6: जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज, पोर्ट ऑफ स्पेन, 2010
5: न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान, क्राइस्टचर्च, 2010
5: इंग्लैंड बनाम भारत, बेंगलुरु, 2017
5: श्रीलंका बनाम भारत, निशिन, 2026

भारत की 124 रन की जीत पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के सेमीफाइनल या फाइनल में दो फुल मेंबर टीमों के बीच जीत का सबसे बड़ा अंतर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के नाम था। भारत ने 2026 टी20 विश्व कप के फाइनल में अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया था। टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 या उससे ज्यादा रन से जीत के मामले में भारत सबसे आगे है। भारत ने अब तक 11 बार इस अंतर से जीत दर्ज की है। कनाडा 10 और ऑस्ट्रिया 9 बार ऐसी जीत हासिल कर चुके हैं, जबकि जिम्बाब्वे, नेपाल, जापान, मलेशिया और युगांडा ने 8-8 बार 100 या उससे ज्यादा रन से मुकाबला जीता है।

पुरुष T20I में 100 या उससे अधिक रन से सबसे ज्यादा बार जीत

11: भारत
10: कनाडा
09: ऑस्ट्रिया
08: जिम्बाब्वे, नेपाल, जापान, मलेशिया, युगांडा
06: स्पेन, तंजानिया, पाकिस्तान, इंग्लैंड, डेनमार्क
05: पापुआ न्यू गिनी

श्रीलंका की टी20 अंतरराष्ट्रीय में रन के लिहाज से यह दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले उसे 2019 में एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 134 रन से हार मिली थी। साल 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ 119 रन की हार इस सूची में तीसरे स्थान पर है।

T20I में श्रीलंका की सबसे बड़ी हार (रनों के अंतर से)

134 रन: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, एडिलेड, 2019
124 रन: भारत के खिलाफ, निशिन, 2026
119 रन: इंग्लैंड के खिलाफ, साउथेम्प्टन, 2026
93 रन: भारत के खिलाफ, कटक, 2017
91 रन: भारत के खिलाफ, राजकोट, 2023

श्रीलंका का 45 रन पर ऑलआउट होना फुल मेंबर टीमों के टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास के सबसे छोटे स्कोर में संयुक्त रूप से शामिल हो गया है। इससे पहले वेस्टइंडीज भी 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ बैसेटेरे में 45 रन पर ऑलआउट हुई थी। सूची में इसके बाद वेस्टइंडीज (55), अफगानिस्तान (56) और जिम्बाब्वे (57) के स्कोर हैं।

T20I में फुल-मेंबर टीमों के सबसे कम स्कोर पर ऑल-आउट

45: वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड, बासेटेरे, 2019
45: श्रीलंका बनाम भारत, निशिन, 2026
55: वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड, दुबई, 2021
56: अफगानिस्तान बनाम साउथ अफ्रीका, तारोबा, 2024
57: जिम्बाब्वे बनाम पाकिस्तान, बुलावायो, 2024

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here