नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया की टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ एशेज 2025-26 में खिताब बरकरार रखते हुए सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। एडिलेड टेस्ट में लंबे समय के बाद टीम में लौटने वाले पैट कमिंस अब सीरीज के चौथे और पांचवें मैच से बाहर हो गए हैं। वहीं, स्टीव स्मिथ की टीम में वापसी हुई है और वह मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया की कमान संभालेंगे। चौथा मुकाबला बॉक्सिंग डे टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाएगा।
पैट कमिंस ने एडिलेड टेस्ट में कप्तानी संभालते हुए ऑस्ट्रेलिया को शानदार जीत दिलाई और सीरीज में अजेय बढ़त कायम की। गेंदबाजी में उन्होंने दोनों पारियों में 3-3 विकेट हासिल किए। हालांकि, मैच के बाद ही उन्होंने संकेत दिया था कि संभव है वह अगला मैच न खेल पाएँ। अब कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने पुष्टि कर दी है कि बचे हुए दो एशेज टेस्ट से कमिंस बाहर रहेंगे। उनकी जगह चौथे टेस्ट में स्टीव स्मिथ टीम में लौटेंगे और कप्तानी संभालेंगे। स्मिथ की कप्तानी में टीम ने पहले दोनों मैच पर्थ और ब्रिसबेन में जीत हासिल की थी।
पैट कमिंस एशेज से बाहर होने की वजह क्या?
पैट कमिंस एशेज से बाहर होने का कोई गंभीर कारण उनकी चोट नहीं है। उन्हें वर्कलोड मैनेजमेंट और चोट के तुरंत बाद खेल में शामिल होने के मद्देनजर चौथे टेस्ट से आराम दिया गया है। वहीं, नाथन लियोन, जो एडिलेड टेस्ट में चोटिल हो गए थे, बॉक्सिंग डे टेस्ट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनकी जगह टॉड मर्फी को टीम स्क्वाड में शामिल किया गया है, साथ ही झाय रिचर्डसन को भी स्क्वाड में जगह दी गई है।
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चौथे टेस्ट की प्लेइंग 11 कैसी होगी। पैट कमिंस की जगह झाय रिचर्डसन को मौका मिल सकता है, जबकि नाथन लियोन की अनुपस्थिति में टॉड मर्फी को टीम में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा, ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले तीन मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुकी है, इसलिए प्लेइंग 11 में और भी कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने लगातार पांचवां एशेज खिताब बरकरार रखा है, जबकि इंग्लैंड 2015 के बाद से यह ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं हो पाया है।
चौथे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड
स्टीव स्मिथ (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ब्रेंडन डोग्गेट, कैमरन ग्रीन, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, झाय रिचर्डसन, मिचेल स्टार्क, जेक वेदरलैंड, ब्यू वेबस्टर।


