नई दिल्ली: बीसीसीआई की सालाना बैठक सोमवार शाम को आयोजित हुई, जिसमें महिला क्रिकेटरों को नए साल का बड़ा तोहफा मिला। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महिला क्रिकेट को घरेलू स्तर पर और मजबूत करने के उद्देश्य से बीसीसीआई ने अहम फैसला लेते हुए सभी घरेलू महिला क्रिकेटरों की सैलरी में लगभग 150 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही अंपायर्स और मैच रेफरी के वेतन में भी इजाफा किया गया है।
सैलरी में दो गुने से ज्यादा बढ़ोतरी, खिलाड़ियों को बड़ी राहत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई की मीटिंग के बाद किसी घरेलू मैच की प्लेइंग 11 में खेलने वाली खिलाड़ियों को एक दिन में 50 हजार रुपये सैलरी मिलेगी। पहले यह कीमत सिर्फ 20 हजार रुपये थी। वहीं जो खिलाड़ी रिजर्व में हैं या बेंच पर रहती हैं उन्हें 25 हजार रुपये एक दिन के दिए जाएंगे। इस संशोधन से पहले बेंच के खिलाड़ियों को 10 हजार रुपये प्रतिदिन मिलते थे।
इसके अलावा जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए भी खिलाड़ियों की सैलरी में बढ़ोतरी की गई है। अब प्लेइंग इलेवन में शामिल खिलाड़ियों को प्रति दिन 25 हजार रुपये मिलेंगे, जबकि रिजर्व खिलाड़ियों को एक दिन के लिए 12 हजार 500 रुपये की राशि दी जाएगी। वहीं जूनियर स्तर पर टी20 मुकाबलों में प्लेइंग इलेवन की खिलाड़ियों को प्रति दिन 12 हजार 500 रुपये की सैलरी मिलेगी और जो खिलाड़ी मैच में नहीं खेलेंगी, उन्हें प्रतिदिन 6 हजार 250 रुपये दिए जाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई ने इस फैसले के बाद अपने एक नोट में कहा, ”औसतन किसी सीनियर महिला क्रिकेटर को एक सीजन के लिए अभी 2 लाख रुपये मिलते हैं, अगर टीम सिर्फ सीनियर टूर्नामेंट का लीग स्टेज खेलती है। सैलरी अब अगले सीजन से बढ़ जाएगी।”
गौरतलब है कि बीसीसीआई पहले भी महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा चुका है, जब उसने महिला क्रिकेटरों की फीस को पुरुष क्रिकेटर्स के बराबर किया। इसके अलावा, महिला वर्ल्ड कप 2025 की प्राइज मनी में भी भारी बढ़ोतरी की गई थी। इस टूर्नामेंट की कुल प्राइज मनी 13.88 मिलियन अमेरिकी डॉलर थी, जबकि पुरुष वर्ल्ड कप 2023 की प्राइज मनी 10 मिलियन अमेरिकी डॉलर थी।
अंपायर्स और मैच रेफरी की सैलरी में भी बड़ा इजाफा
बीसीसीआई ने अंपायर्स और मैच रेफरी की फीस में भी बढ़ोतरी की है। अब अंपायर्स को किसी भी घरेलू टूर्नामेंट के लीग मैचों के लिए प्रतिदिन 40 हजार रुपये मिलेंगे। नॉकआउट मुकाबलों में अंपायर्स की सैलरी 50 से 60 हजार रुपये प्रतिदिन निर्धारित की गई है। वहीं 79 मैच रेफरी के लिए भी उतनी ही सैलरी प्रस्तावित की गई है जितनी अंपायर्स को दी जाती है।


