नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में अब सिर्फ 20 मुकाबले बाकी रह गए हैं, जिनमें चार प्लेऑफ मैच भी शामिल हैं। लीग स्टेज का समापन 24 मई को होगा, जबकि 26 मई से प्लेऑफ मुकाबलों की शुरुआत हो जाएगी। टूर्नामेंट का फाइनल 31 मई को खेला जाना है। इसी बीच पाकिस्तान दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस स्क्वॉड में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो फिलहाल आईपीएल 2026 में अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के लिए खेल रहे हैं।
ऐसे में प्लेऑफ से पहले कुछ टीमों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हालांकि, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क जैसे बड़े खिलाड़ी टीम में शामिल नहीं हैं। फिर भी कई ऐसे प्लेयर्स हैं जो मौजूदा आईपीएल टीमों का हिस्सा हैं। इसमें से जोश इंग्लिस, मिचेल मार्श ऐसे खिलाड़ी हैं जो लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं और यह टीम अब प्लेऑफ की रेस से बाहर है। यानी यह खिलाड़ी 24 मई के बाद टीम के साथ जुड़ सकते हैं।
पाकिस्तान दौरे के लिए ऑस्ट्रेलियाई वनडे टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), एलेक्स कैरी, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, रिले मेरेडिथ, ओलिवर पीक, मैथ्यू रेनशॉ, तनवीर संघा, लियाम स्कॉट, मैट शॉर्ट, बिली स्टैनलेक, एडम जम्पा।
इन 2 स्टार खिलाड़ियों की वापसी से बदल सकता है प्लेऑफ का समीकरण
आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं। ऑस्ट्रेलिया की घोषित वनडे टीम में दो ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो इन दोनों फ्रेंचाइजियों का हिस्सा हैं। इनमें मैट शॉर्ट और कैमरन ग्रीन का नाम शामिल है। ऐसे में अगर केकेआर प्लेऑफ में पहुंचती है, तो कैमरन ग्रीन की उपलब्धता को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो सकता है।
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के प्लेऑफ में पहुंचने की स्थिति में मैट शॉर्ट को लेकर भी यही समस्या सामने आ सकती है। खास बात यह है कि कैमरन ग्रीन इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं, जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया था।


