नई दिल्ली: ओलंपियन गुरप्रीत सिंह पुरुषों की 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में विश्व चैंपियन बनने के बेहद करीब थे, लेकिन ओलंपिक निशानेबाजी रेंज में यूक्रेन के पावलो कोरोस्टाइलोव से इनर 10 (10 अंक के अंदरूनी हिस्से) के आधार पर हारने के बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। यह विश्व चैंपियनशिप में गुरप्रीत का दूसरा व्यक्तिगत पदक है। इससे पहले उन्होंने 2018 में चांगवोन में 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता था।
भारत ने चीन और दक्षिण कोरिया के बाद तीसरे स्थान पर रहते हुए तीन स्वर्ण, छह रजत और चार कांस्य सहित कुल 13 पदक अपने नाम किए। चीन ने 12 स्वर्ण, सात रजत और दो कांस्य सहित कुल 21 पदक जीते, जबकि दक्षिण कोरिया ने सात स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। गुरप्रीत ने दो दिन की प्रतियोगिता में प्रिसिजन और रेपिड चरणों में कुल 584 अंक जुटाए, जिसमें 18 निशाने 10 अंक के अंदरूनी हिस्से में रहे। पावलो कोरोस्टाइलोव ने 29 निशाने 10 अंक के अंदरूनी हिस्से में मारे और अंतिम रेपिड दौर में 100 का परफेक्ट स्कोर बनाकर स्वर्ण पदक जीत लिया।
गुरप्रीत प्रिसिजन चरण में 288 अंक (95, 97, 96) के साथ नौवें स्थान पर थे, लेकिन दूसरे दिन उन्होंने रेपिड चरण में 296 (98, 99, 99) का शानदार स्कोर बनाकर रजत पदक अपने नाम किया। प्रिसिजन चरण में 291 अंक के साथ शीर्ष पर रहे यूक्रेन के निशानेबाज ने रेपिड चरण में 293 अंक हासिल किए और गुरप्रीत के स्कोर के बराबर रहते हुए 10 अंक के अंदरूनी हिस्से में अधिक निशाने लगाकर स्वर्ण पदक जीत लिया।
प्रिसिजन चरण में हरप्रीत सिंह 291 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए पदक की दौड़ में बने हुए थे, लेकिन रेपिड चरण में उन्होंने केवल 286 अंक बनाए और नौवें स्थान पर रहे। एक अन्य भारतीय निशानेबाज साहिल चौधरी ने कुल 561 अंक (प्रिसिजन – 272 और रेपिड – 289) बनाकर 28वां स्थान हासिल किया। तीनों भारतीय निशानेबाज टीम पदक तालिका में पांचवें स्थान पर रह गए और पदक से बाहर रहे।
भारत के लिए सम्राट राणा (10 मीटर एयर पिस्टल) और रविंदर सिंह (50 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल व 10 मीटर एयर पिस्टल टीम) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन पुरुष), अनीश भानवाला (25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल), गुरप्रीत सिंह (25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल), ईशा सिंह और सम्राट राणा (10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम, 10 मीटर महिला एयर पिस्टल टीम और 50 मीटर पुरुष स्टैंडर्ड पिस्टल टीम) ने रजत पदक जीते। वहीं, ईशा सिंह (25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल), इलावेनिल वलारिवान (10 मीटर एयर राइफल) और वरुण तोमर (10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर महिला एयर राइफल टीम) ने भारत के लिए कांस्य पदक अपने नाम किए।


