नई दिल्ली : वनडे विश्व कप की मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने 2027 विश्व कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए अपनी टीम में बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं। हाल की वनडे सीरीज में पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई स्क्वाड में फेरबदल किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पिछली सीरीज में शामिल पांच खिलाड़ियों को अब वनडे टीम से बाहर कर दिया गया है। इनमें सबसे बड़ा नाम मार्नस लाबुशेन का है। 2023 विश्व कप फाइनल में ट्रेविस हेड के साथ मिलकर भारत की खिताब जीतने की उम्मीदों पर पानी फेरने में अहम भूमिका निभाने वाले लाबुशेन को अब ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम से बाहर कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मार्नस लाबुशेन ने 2023 विश्व कप फाइनल में एक छोर संभालते हुए 58 रन की नाबाद पारी खेली थी और ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम योगदान दिया था। अब अगले वनडे विश्व कप में करीब एक साल का समय बाकी रहते उन्हें वनडे टीम से बाहर कर दिया गया है। पिछले कुछ समय से लाबुशेन के प्रदर्शन का ग्राफ लगातार नीचे गया है। टेस्ट हो या वनडे, दोनों ही प्रारूपों में उनका बल्ला उस लय में नजर नहीं आया है, जिसके लिए वह जाने जाते हैं।
कौन-कौन से 5 खिलाड़ी वनडे टीम से हुए बाहर?
टेस्ट में पिछली 3 पारियों में उन्होंने 1, 31, 4 रन ही बनाए। वहीं वनडे में उनकी पिछली 6 पारियां 0, 5, 19, 1, 55 नाबाद, 29 रही हैं। यही कारण है कि अब उन्हें बाहर किया गया है। वहीं लाबुशेन के अलावा ऑस्ट्रेलिया की पिछली वनडे सीरीज का हिस्सा रहे बेन ड्वारशुइस, मैट शॉर्ट, लियाम स्कॉट और टॉड मर्फी को भी आगामी वनडे सीरीज के स्क्वाड में जगह नहीं मिली है। इन पांच खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलियाई टीम के वनडे स्क्वाड से बाहर किया गया है।
कमिंस-स्टार्क जिम्बाब्वे सीरीज से बाहर
ऑस्ट्रेलियाई टीम जिम्बाब्वे दौरे पर 15, 18 और 20 सितंबर को तीन वनडे मैच खेलेगी। इस सीरीज के लिए कप्तान पैट कमिंस और स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को टीम में शामिल नहीं किया गया है। दोनों खिलाड़ी जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहेंगे, लेकिन इसके बाद 24, 27 और 30 सितंबर को दक्षिण अफ्रीका में होने वाले तीन वनडे मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। वहीं, पिछली दो वनडे सीरीज से बाहर रहे ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श की टीम में वापसी हुई है। कमिंस की गैरमौजूदगी में मिचेल मार्श के जिम्बाब्वे दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी संभालने की संभावना है।
जिम्बाब्वे-साउथ अफ्रीका दौरे के लिए ऑस्ट्रेलियाई वनडे स्क्वाड
मिचेल मार्श, पैट कमिंस (सिर्फ साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, जोएल डेवीस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेन्सर जॉनसन, ओलिवर पीक, मैथ्यू रेनशॉ, बिली स्टैनलेक, मिचेल स्टार्क (सिर्फ साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए), एडम जाम्पा।


