नई दिल्ली : डब्ल्यूडब्ल्यूई के मंडे नाइट रॉ के हालिया एपिसोड में जबरदस्त बवाल देखने को मिला। इस दौरान द उसोज पर जानलेवा हमला किया गया, जबकि सोलो सिकोआ पर बैकस्टेज अचानक हमला हुआ। हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके बाद तीनों सुपरस्टार्स को अस्पताल ले जाया गया। शो के कमेंटेटर जो टेसिटोर ने इसकी जानकारी दी। घटना के वीडियो में इतना खून-खराबा नजर आया कि प्रसारण के दौरान कुछ विजुअल्स को ब्लर करने के साथ-साथ कई हिस्सों को फ्रीज कर सेंसर करना पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जो टेसिटोर ने बताया कि रॉ में हुई घटनाओं के बाद कई सुपरस्टार्स को अस्पताल ले जाया गया। जे और जिमी उसो पर रॉयस कीज और ओटीएम ने हमला किया, जबकि सोलो सिकोआ पर बैकस्टेज हमला हुआ। इस हमले के दौरान रोमन रेंस का नाम भी सामने आया। हालांकि, डब्ल्यूडब्ल्यूई चैंपियन रोमन रेंस ने साफ तौर पर इन आरोपों से इनकार किया और कहा कि इस हमले में उनका कोई हाथ नहीं था।
द उसोज पर हमले से मचा हड़कंप
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रॉयस कीज (Royce Keys) और ओटीएम (OTM) ने मिलकर जे और जिमी उसो पर जानलेवा हमला किया। यह हमला इतना खतरनाक था कि जिमी उसो को एक कार के शीशे पर फेंका गया। वहीं जे उसो पर भी हमला हुआ और उनका पूरा चेहरा खून से लथपथ दिखा। इसके बाद टीवी स्क्रीन पर इस फुटेज को ब्लर किया गया और सेंसर करके फ्रीज कर दिया गया।
सोलो सिकोआ पर बैकस्टेज अचानक हुआ हमला
वहीं, बैकस्टेज सोलो सिकोआ पर भी अचानक हमला किया गया, जिसके बाद वह घायल अवस्था में पड़े मिले। इस हमले के लिए रोमन रेंस का नाम सामने आया, हालांकि उन्होंने इसकी जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की। रिंग में आकर रेंस ने कुछ ऐसी बातें जरूर कहीं, जिनसे संकेत मिला कि हमले के पीछे उनका हाथ हो सकता है। हालांकि, उन्होंने इस मामले में एलए नाइट का नाम जोड़ने से साफ इनकार किया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोलो सिकोआ, जे उसो और जिमी उसो तीनों को तुरंत स्थानीय अस्पताल (Medical Facility) ले जाया गया है, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उनकी चोटों का आकलन किया जा रहा है। जो टेसिटोर ने इस मामले पर बात करते हुए बताया,”हमें अभी इस बात की जानकारी मिली है जो आपके साथ हम साझा कर रहे हैं। सोलो सिकोआ, जो उसो और जिमी उसो को लेकर जानकारी मिली है कि, तीनों को WWE रॉ एपिसोड के बाद लोकल मेडकिल सेंटर पहुंचाया गया और वहां उनके कई चोट लगने की जानकारियां भी सामने आईं।”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “इस मामले पर और ज्यादा अपडेट मेडिकल सेंटर से जानकारी मिलने के बाद जल्द ही दिया जाएगा।” फिलहाल इन तीनों सुपरस्टार्स की स्थिति को लेकर ज्यादा जानकारी संडे नाइट मेन इवेंट तक सामने आने की उम्मीद है। हालांकि, तीनों को इस इवेंट में हिस्सा नहीं लेना है, लेकिन शो के दौरान उनकी चोट और हमले से जुड़ा नया अपडेट जरूर सामने आ सकता है।


