एनएसटी न्यूज, भोपाल. स्थानीय बाबे आली क्रिकेट स्टेडियम में खेली जा रही सेंट माइकल इंटर हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट में सीनियर रेड हाउस ने ग्रीन हाउस को तीन विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। रेड हाउस की जीत के नायक आयुष सोनी रहे, जिन्होंने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 40 रन बनाने के साथ दो विकेट भी हासिल किए। ग्रीन हाउस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 193 रन बनाए। टीम की ओर से शरद ने 49 रन, मिज़ान ने 37 रन और राघव ने 33 रन का योगदान दिया। रेड हाउस की ओर से अरशान ने तीन विकेट लिए, जबकि आयुष सोनी ने दो विकेट झटके। 194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेड हाउस की शुरुआत मजबूत रही। आरफ ने 51 रन और सोहेल ने 42 रन बनाकर टीम को संभाला। अंत में आयुष सोनी ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 40 रन बनाकर टीम को तीन विकेट से जीत दिलाई। ग्रीन हाउस के सेंकी ने तीन विकेट लेकर मुकाबले को रोमांचक बनाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मैच के बाद आयोजित समारोह में आयुष सोनी को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। पुरस्कार सीनियर रणजी खिलाड़ी समीर कुरैशी और सेंट माइकल के कोच समद दाद खान ने प्रदान किया।


