एनएसटी न्यूज, भोपाल। एमपी नगर स्थित ‘अपस्किल्ड’ संस्थान में आयोजित दो दिवसीय शतरंज और कैरम प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रणनीतिक सोच और मानसिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूलों के 30 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। 16 और 17 मई को आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। शतरंज प्रतियोगिता में पावनी तलरेजा ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रांजल जैन उपविजेता रहे। कैरम प्रतियोगिता में सांवी गर्ग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। समापन समारोह में विजेताओं को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों को ‘सेरिब्रालैब’ का मुफ्त एक्सेस और भविष्य कौशल विकास कार्यशालाओं के लिए फ्री एंट्री टिकट भी दिए गए। संस्थान का उद्देश्य बच्चों को डिजिटल दुनिया से बाहर निकालकर रणनीतिक सोच और बौद्धिक विकास की दिशा में प्रेरित करना है।


