दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए आज़म और रिजवान टीम में शामिल, शाहीन अफरीदी की 12 महीने बाद धमाकेदार वापसी

0

नई दिल्ली: पाकिस्तान की टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में अपना अभियान 12 अक्टूबर से शुरू करने जा रही है। इस अभियान की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज से होगी, जो 12 से 24 अक्टूबर तक खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए मंगलवार, 30 सितंबर को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 18 सदस्यीय स्क्वाड की घोषणा की। लंबे समय बाद तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच पिछले साल अक्टूबर में खेला था। इसके अलावा स्टार बल्लेबाज बाबर आज़म और विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को भी टीम में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इस बार टीम में तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी मौका मिला है, जो इस सीरीज में अपना टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं। वहीं, युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह को टीम से बाहर रखा गया है।

पाकिस्तान की टीम 12 से 16 अक्टूबर तक लाहौर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेलेगी। फिर सीरीज का दूसरा व अंतिम टेस्ट मैच रावलपिंडी में 20 से 24 अक्तूबर तक खेला जाएगा। पाकिस्तान के इस स्क्वाड की बात करें तो अभी इसमें कई बदलाव होने की संभावना है जिसकी जानकारी बोर्ड ने दी है। इतना ही नहीं पहले टेस्ट मैच से पूर्व अभी इस 18 सदस्यीय स्क्वाड से कुछ खिलाड़ियों को बाहर भी किया जा सकता है। लेकिन शान मसूद आगे भी इस टेस्ट टीम की कमान संभालते नजर आएंगे।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक कैसा रहा है पाकिस्तान का प्रदर्शन?

अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पिछले तीन संस्करण में पाकिस्तान के प्रदर्शन की बात करें तो एक बार भी टीम टॉप 2 में जगह नहीं बना पाई है। साल 2019 से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का आगाज हुआ था। उसके बाद से पाकिस्तान ने अभी तक 40 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 13 में सिर्फ उसे जीत मिली है जबकि 20 में हार का सामना करना पड़ा है। सात मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। पाकिस्तान का इस टूर्नामेंट के ओवरऑल रिकॉर्ड में विनिंग पर्सेंट 40 से भी कम (32.50) है। साल दर साल टेस्ट चैंपियनशिप में पाकिस्तान का परफॉर्मेंस ग्राफ गिरता गया है। पहले संस्करण में पाकिस्तान की टीम पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर थी। उसके बाद दूसरे व तीसरे संस्करण में टीम क्रमश: 7वें व 9वें स्थान पर रही थी।

पाकिस्तान का स्क्वाड

शान मसूद (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्लाह शफीक, अबरार अहमद, आसिफ अफरीदी, बाबर आजम, फैसल अकरम, हसन अली, इमाम उल हक, कामरान गुलाम, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद रिजवान, नोमान अली, रोहैल नाजिर, सलमान अली आघा, सउद शकील, शाहीन शाह अफरीदी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here