नई दिल्ली: भारतीय टीम के प्रमुख ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में मैदान पर नहीं दिखे। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ सुपर-4 के अंतिम मैच में उन्होंने केवल एक ओवर फेंका और फिर मैदान छोड़ दिया। दरअसल, उस मैच के दौरान हार्दिक को मांसपेशियों में खिंचाव जैसी समस्या का सामना करना पड़ा था। मैच के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, वह क्वाड्रिसेप्स (जांघ और घुटने के बीच की मांसपेशी) में चोट के कारण खेल से बाहर हुए थे। कमेंट्री के दौरान रवि शास्त्री ने भी इस चोट की पुष्टि की थी। इसी वजह से हार्दिक को फाइनल में खेलने का मौका नहीं मिला और उनकी गैरमौजूदगी में शिवम दुबे ने ऑलराउंडर की भूमिका बखूबी निभाई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस चोट के चलते हार्दिक को रिकवरी में करीब चार हफ्ते लग सकते हैं, जिससे उनका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 से 25 अक्टूबर तक होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलना संदिग्ध माना जा रहा है।
हालांकि, अभी आधिकारिक मुहर लगने का इंतजार है मगर ऐसी इंजरी में चार सप्ताह का समय रिकवर होने में लगता है। यानी वनडे सीरीज से बाहर होने के बाद टी20 सीरीज में वह भारतीय टीम के साथ जुड़ सकते हैं। इस पर भी कोई पुष्टि नहीं है। पूरी जानकारी तभी मिलेगी जब बीसीसीआई की तरफ से ऑस्ट्रेलिया दौरे का स्क्वाड जारी किया जाएगा। भारतीय टीम वनडे के बाद 29 अक्टूबर से 8 नवंबर तक पांच टी20 मैचों की भी सीरीज खेलेगी। गौरतलब है कि हार्दिक की गैरमौजूदगी में वनडे टीम में बतौर पेस ऑलराउंडर उनकी जगह कौन लेगा। ऐसे में एक नाम उस खिलाड़ी का सामने आता है जिसने 2019 में वनडे डेब्यू किया था और तब से आज तक सिर्फ चार वनडे मैच भारत के लिए खेले हैं।
हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में कौन बनेगा टीम इंडिया का नया ऑलराउंडर?
एशिया कप 2025 के फाइनल में सूर्यकुमार यादव ने ऐसा दांव चला था जो भारतीय टीम के लिए भविष्य में वनडे में भी बतौर विकल्प काम आ सकता है। सूर्या ने हार्दिक के बाहर होने पर शिवम दुबे से उनकी कमी पूरी करवाई थी और नई गेंद से पहला ओवर दिया था। इसके बाद ठीकठाक इकॉनमी से शिवम ने तीन ओवर फेंके थे। बल्लेबाजी में वह तिलक वर्मा के साथ भारतीय टीम के लिए जीत के हीरो भी साबित हुए थे। अब वनडे सीरीज से अगर हार्दिक बाहर होते हैं तो शिवम दुबे को टीम इंडिया में बतौर पेस ऑलराउंडर जगह मिल सकती है। क्योंकि शिवम के अलावा वर्तमान में कोई ऐसा खिलाड़ी नहीं है जो टीम इंडिया में हार्दिक को रिप्लेस कर सकता है। मगर गेंदबाजी में शिवम दुबे को काफी कड़ी मेहनत करनी होगी।
6 साल में सिर्फ 4 वनडे, फिर भी टीम में वापसी की चर्चा तेज
शिवम दुबे के करियर की बात करें तो उन्होंने 6 साल में सिर्फ चार वनडे मुकाबले खेले हैं। शिवम ने साल 2019 में वनडे डेब्यू किया था। विराट कोहली की कप्तानी में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2019 में दुबे को वनडे डेब्यू का मौका मिला था। उसके बाद से अभी तक वह सिर्फ चार वनडे मैच ही खेल पाए हैं। साल 2024 में आखिरी बार श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने एकदिवसीय मुकाबला खेला था। उन्होंने भारत के लिए चार वनडे मैच खेलते हुए सिर्फ 43 रन बनाए हैं और एक विकेट लिया है। जबकि टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 41 मैचों में 18 विकेट और 581 रन दर्ज हैं। अब देखना होगा कि क्या टी20 के बाद वनडे में भी मैनेजमेंट और कप्तान शिवम पर हार्दिक की गैरमौजूदगी में विश्वास जताते हैं या नहीं। जल्द ही टीम के ऐलान के साथ इस पर से पर्दा उठ सकता है।


