लिवरपूल: हेवीवेट मुक्केबाज़ नूपुर श्योराण ने मौजूदा विश्व मुक्केबाज़ी चैंपियनशिप में भारत के लिए पहला पदक पक्का कर लिया। बुधवार को उन्होंने उज्बेकिस्तान की ओल्टीनॉय सोतिमबोएवा को हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई। दूसरी ओर, दो बार की चैंपियन निकहत ज़रीन का सफर क्वार्टरफ़ाइनल में थम गया, जहां उन्हें तुर्की की काकिरोग्लू बुसे नाज ने 5-0 से पराजित किया। महान मुक्केबाज़ हवा सिंह की पोती नूपुर श्योराण ने विश्व चैंपियनशिप के अपने पहले ही मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी को 4-1 से हराकर 80 किग्रा से अधिक भार वर्ग के सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली। इस भार वर्ग में कुल 10 मुक्केबाज़ हिस्सा ले रहे हैं। नूपुर की इस जीत के साथ भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया है। मंगलवार रात भारत के जादुमणि सिंह (48 किग्रा) और अभिनाश जामवाल (65 किग्रा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आसान जीत के साथ पुरुष क्वार्टरफ़ाइनल में जगह बना ली। हालांकि, जुगनू अहलावत (85 किग्रा) का अभियान पहले ही दौर में थम गया, जहां उन्हें स्कॉटलैंड के रॉबर्ट मैकनल्टी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।


