नई दिल्ली : बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सोमवार (5 जनवरी) को जानकारी दी कि बांग्लादेश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैचों का प्रसारण नहीं होगा। मंत्रालय ने 2026 सीजन के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने को इस अनिश्चितकालीन बैन का कारण बताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मंत्रालय का कहना है कि मुस्तफिजुर को आईपीएल से बाहर किए जाने के कारण बांग्लादेश के नागरिक दुखी और नाराज हैं, इसलिए लीग का प्रसारण नहीं किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कहा, “यह सूचित किया जाता है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग से रिलीज करने का निर्देश दिया है, जो 26 मार्च से शुरू होने वाली है। इस फैसले से बांग्लादेश के नागरिक आहत और नाराज हैं। इस कारण, निर्देशानुसार इंडियन प्रीमियर लीग के सभी मैचों और कार्यक्रमों के प्रसारण/टेलीकास्ट को रोकने का अनुरोध किया जाता है।”
आसिफ नजरुल ने IPL प्रसारण पर बैन का आग्रह किया था
बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने यह कदम मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार में युवा और खेल मामलों के सलाहकार आसिफ नज्रुल के फेसबुक पोस्ट के एक दिन बाद उठाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उस पोस्ट में उन्होंने बताया कि उन्होंने देश के सूचना और प्रसारण सलाहकार से अनुरोध किया है कि बांग्लादेश में IPL मैचों का टेलीकास्ट न किया जाए। अपने बयान के अंत में उन्होंने कहा, “हम बांग्लादेश के क्रिकेट, क्रिकेटरों और देश के किसी भी अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे। गुलामी के दिन अब खत्म हो गए हैं।”
बांग्लादेश ने भारत में मैच खेलने से किया इनकार
बांग्लादेश ने 2026 मेन्स T20 वर्ल्ड कप के लिए भारत जाने से इनकार कर दिया है और इस संबंध में आईसीसी को रविवार (4 जनवरी) को सूचित किया। बीसीबी ने दोनों देशों के बीच बिगड़ते राजनीतिक संबंधों के मद्देनजर खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जताई है। बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप के मैच कोलकाता और मुंबई में होने वाले थे, जिसमें पहला मुकाबला 7 फरवरी को ईडन गार्डन में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला जाना था।


