चेन्नई. भारतीय ऑलराउंडर विजय शंकर ने घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 35 वर्षीय विजय शंकर अब विदेशी फ्रेंचाइजी लीग में खेलने पर ध्यान देंगे। उन्होंने 2018 और 2019 के बीच भारत के लिए 12 वनडे और 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे।
विजय शंकर ने अपने घरेलू करियर में तमिलनाडु के लिए शानदार प्रदर्शन किया और टीम को विजय हजारे ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसे बड़े खिताब दिलाए। 2025-26 सीजन में वह त्रिपुरा की ओर से खेले। उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर का अंत भी शानदार अंदाज में किया और रणजी ट्रॉफी में गुजरात के खिलाफ नाबाद 151 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।
घरेलू क्रिकेट में विजय शंकर ने 4253 फर्स्ट क्लास रन, 2790 लिस्ट-ए रन और 2583 टी-20 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने सभी फॉर्मेट मिलाकर 154 विकेट भी हासिल किए। IPL में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया और 78 मुकाबले खेले।
विजय शंकर 2019 विश्व कप के दौरान काफी चर्चा में रहे थे, जब उन्हें अंबाती रायुडू की जगह भारतीय टीम में चुना गया था। उस समय चयनकर्ताओं ने उन्हें “3D खिलाड़ी” बताया था, क्योंकि वह बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में योगदान देते थे। संन्यास की घोषणा करते हुए विजय शंकर ने सोशल मीडिया पर खुद को “Your 3D Cricketer” लिखकर उसी विवाद की याद भी ताजा की।


